एशिया कप के बीच श्रीलंकाई ऑलराउंडर वेल्लालगे के पिता का निधन, लौटे घर

punjabkesari.in Friday, Sep 19, 2025 - 12:18 PM (IST)

अबुधाबी : श्रीलंका के दुनीथ वेल्लालगे अपने पिता सुरंगा के निधन के कारण यहां चल रहे एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट के बीच से सदस्य लौट गए हैं। उनके पिता का निधन गुरुवार को हुआ। उसी दिन यह ऑलराउंडर यहां अफगानिस्तान के खिलाफ ग्रुप बी लीग मैच खेल रहा था। वेल्लालगे को अपने पिता के निधन की खबर मैच के बाद ही पता चली और वह सबसे पहले उपलब्ध उड़ान से कोलंबो के लिए रवाना हो गए। 

यह स्पष्ट नहीं है कि यह 22 वर्षीय खिलाड़ी टूर्नामेंट में वापसी करेगा या नहीं। श्रीलंका सुपर 4 में अपना पहला मैच शनिवार को बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगा। इसके बाद उसका सामना 23 सितम्बर को पाकिस्तान से और 26 सितम्बर को भारत से होगा। श्रीलंका के पूर्व कप्तान लसिथ मलिंगा ने एक्स पर लिखा, ‘दुनीथ वेल्लालगे के पिता सुरंगा वेल्लालगे के निधन से बहुत दुखी हूं। परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। दुनीथ हिम्मत रखो। इस मुश्किल समय में पूरा देश आपके और आपके परिवार के साथ खड़ा है।' 

बाएं हाथ के स्पिनर वेल्लालगे ने अफगानिस्तान के खिलाफ चार ओवर गेंदबाजी की और 49 रन देकर इब्राहिम जादरान का विकेट लिया। यह उनके करियर का पांचवां टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News