विराट कोहली के साथ खेल चुके पूर्व भारतीय क्रिकेटर का 36 साल की उम्र में निधन
punjabkesari.in Thursday, May 07, 2026 - 01:17 PM (IST)
नई दिल्ली : बल्लेबाज विराट कोहली और ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा के पूर्व भारतीय अंडर-19 साथी अमनप्रीत सिंह गिल का 36 साल की उम्र में निधन हो गया। पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) ने X पर पोस्ट कर अमनप्रीत का निधन की जानकारी दी।
पंजाब के चंडीगढ़ में 16 सितंबर 1989 को जन्मे अमनप्रीत एक दाएं हाथ के मीडियम फास्ट बॉलर थे और 2007 में भारत की अंडर-19 टीम में विराट कोहली, रवींद्र जडेजा और मनीष पांडे जैसे खिलाड़ियों के साथ खेले थे। अमनप्रीत ने भारत, श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच 2007 में हुए तीन देशों के अंडर-19 टूर्नामेंट में हिस्सा लिया था। यह टूर्नामेंट श्रीलंका में हुआ था जिसमें अमनप्रीत ने 5 मैचों में 9 विकेट लिए थे। अपने करियर में अमनप्रीत ने 6 फर्स्ट-क्लास मैच खेले और 54.72 की औसत से 11 विकेट लिए।
पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) ने X पर एक पोस्ट में उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया और उन्हें खेल का एक समर्पित सेवक बताया। एसोसिएशन ने उनके परिवार के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की। PCA ने अपने X पोस्ट में लिखा, 'पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन, पंजाब के पूर्व क्रिकेटर और पंजाब की सीनियर चयन समिति के सदस्य अमनप्रीत सिंह गिल के दुखद निधन पर गहरा शोक व्यक्त करता है। उन्होंने इंडिया अंडर-19, किंग्स XI पंजाब और पंजाब जैसी टीमों का प्रतिनिधित्व करते हुए पूरी लगन और जुनून के साथ पंजाब क्रिकेट की सेवा की। शोक संतप्त परिवार और प्रियजनों के प्रति हमारी हार्दिक संवेदनाएं। वाहेगुरु दिवंगत आत्मा को शाश्वत शांति प्रदान करें और इस कठिन समय में परिवार को शक्ति दें।'
पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह ने भी अमनप्रीत के निधन पर शोक व्यक्त किया। युवराज ने अमनप्रीत को अपने शुरुआती दिनों का एक शांत और मेहनती क्रिकेटर बताया और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। युवराज ने अपने X पोस्ट में कहा, 'अमनप्रीत सिंह गिल के निधन की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ। हमने अपने शुरुआती दिनों में ड्रेसिंग रूम साझा किया था; वह एक शांत, मेहनती क्रिकेटर थे जिन्हें खेल से बहुत प्यार था। उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे। ओम शांति।'

