MI vs PBKS : सूर्यकुमार यादव ने 11 मिनटों के अंदर तोड़ा सचिन और जयसूर्या का रिकॉर्ड
punjabkesari.in Monday, May 26, 2025 - 11:03 PM (IST)

खेल डैस्क : मुंबई इंडियंस के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने आईपीएल 2025 में एक और कीर्तिमान अपने नाम कर लिया। जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलते हुए सूर्यकुमार ने 39 गेंदों पर 57 रन बनाए और अपनी टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। अपनी इस पारी के दौरान सूर्यकुमार ने मुंबई इंडियंस के पूर्व दो दिग्गज प्लेयरों सचिन तेंदुलकर और सनथ जयसूर्या का रिकॉर्ड 11 मिनट के अंदर ही तोड़ दिया। जानें यह कौन से रिकॉर्ड थे-
सचिन का ऑल टाइम रिकॉर्ड तोड़ा
मुंबई के लिए एक सीजन में सबसे ज्यादा रनों का रिकॉर्ड भी सूर्यकुमार ने अपने नाम कर लिया। 619 रन बनाते ही उन्होंने सचिन का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया जिन्होंने 2010 सीजन में सर्वाधिक 618 रन बनाए थे। अब सूर्यकुमार के नाम 640 रन हो गए हैं। सचिन ने 2010 में मुंबई के लिए 618 रन बनाए थे। उस सीजन में उनकी बल्लेबाजी ने मुंबई को पहली बार फाइनल तक पहुंचाया था। सूर्या, जो सचिन को अपना आदर्श मानते हैं, ने इस रिकॉर्ड को तोड़ने के बाद कहा कि यह मेरे लिए सम्मान की बात है। सूर्यकुमार ने जब यह रिकॉर्ड तोड़ा तब 8.50 बजे थे।
32 छक्के जड़ जयसूर्या का रिकॉर्ड तोड़ा
उन्होंने एक सीजन में मुंबई के लिए सबसे ज्यादा 32 छक्के जड़कर इतिहास रच दिया। यह उपलब्धि उन्होंने जयपुर के मैदान पर पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में हासिल की। सूर्या ने 39 गेंदों पर 57 रन की पारी में दो छक्के लगाए, जिससे मुंबई ने 184 रन बनाए। इस प्रदर्शन ने उन्हें सनथ जयसूर्या (2008 में 31 छक्के), ईशान किशन (2020 में 30 छक्के), और कीरोन पोलार्ड (2013) व हार्दिक पांड्या (2019) के 29 छक्कों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। सूर्यकुमार ने जब यह रिकॉर्ड तोड़ा तब 9.00 बजे थे।
सूर्य का शानदार रहा है सीजन
सूर्या का 2025 का सीजन शानदार रहा। उन्होंने 640 रन बनाकर मुंबई के लिए एक सीजन में सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड भी बनाया और 14 बार 25+ स्कोर के साथ एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया। उनकी 171.68 की स्ट्राइक रेट और विस्फोटक बल्लेबाजी ने मुंबई को प्लेऑफ में मजबूत स्थिति दिलाई। पंजाब के खिलाफ मैच में सूर्या ने अपनी पारी में 6 चौके और 2 छक्के जड़े, जिससे टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में मदद मिली।