हार्दिक पांड्या के रिप्लेसमेंट पर सस्पेंस बरकरार, BCCI सचिव ने दिया बड़ा अपडेट

punjabkesari.in Thursday, Jun 11, 2026 - 02:41 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 जून से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। हालांकि अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या उनके स्थान पर किसी खिलाड़ी को टीम में शामिल किया जाएगा या नहीं।

हार्दिक के रिप्लेसमेंट पर BCCI का बड़ा बयान

BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने हार्दिक पांड्या के चोटिल होने की पुष्टि करते हुए कहा कि चयन समिति जल्द ही यह फैसला करेगी कि उनके स्थान पर किसी खिलाड़ी को टीम में शामिल किया जाए या मौजूदा 14 खिलाड़ियों के साथ ही सीरीज खेली जाए। सैकिया ने कहा, 'हार्दिक पांड्या चोट के कारण अफगानिस्तान वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनके रिप्लेसमेंट को लेकर जल्द फैसला लिया जाएगा।'

कैसे चोटिल हुए हार्दिक पांड्या?

हार्दिक पांड्या इसी महीने बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) पहुंचे थे। IPL 2026 के दौरान वह मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए पीठ में ऐंठन (Back Spasms) की समस्या से जूझ रहे थे। रिहैब के दौरान उन्हें 'रिटर्न टू प्ले' की मंजूरी मिल गई थी, लेकिन बाद में उनकी क्वाड्रिसेप्स (जांघ की मांसपेशी) में खिंचाव की शिकायत सामने आई। 9 जून को हुए स्कैन के बाद उन्हें कुछ सप्ताह के लिए आराम की सलाह दी गई। उम्मीद है कि वह अगले महीने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज तक फिट हो जाएंगे।

नितीश कुमार रेड्डी को मिल सकता है मौका

हार्दिक की गैरमौजूदगी में नितीश कुमार रेड्डी को उनकी जगह प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है। IPL 2026 में अपनी तेज गेंदबाजी और उपयोगी बल्लेबाजी से प्रभावित करने वाले नितीश को टीम प्रबंधन सबसे उपयुक्त विकल्प मान रहा है। 23 वर्षीय रेड्डी ने IPL 2026 में 14 मैचों में 8 विकेट हासिल किए थे और कई मौकों पर बल्ले से भी योगदान दिया था।

शिवम दुबे और अर्शद खान भी विकल्प

अगर चयनकर्ता रिप्लेसमेंट बुलाने का फैसला करते हैं तो शिवम दुबे और अर्शद खान भी दावेदार हो सकते हैं। शिवम दुबे फिलहाल T20 मुंबई लीग में खेल रहे हैं, जबकि बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शद खान भारत-ए की ओर से श्रीलंका-ए और अफगानिस्तान-ए के खिलाफ त्रिकोणीय सीरीज में हिस्सा ले रहे हैं। अर्शद ने हाल ही में श्रीलंका-ए के खिलाफ डेथ ओवरों में शानदार गेंदबाजी कर भारत-ए की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।

अफगानिस्तान सीरीज के लिए भारत की वनडे टीम

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल, ईशान किशन, नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, यशस्वी जायसवाल, गुरनूर बराड़ और हर्ष दुबे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News