T20 World Cup 2026 : क्या पहले मैच में नहीं खेलेंगे जसप्रीत बुमराह? रिपोर्ट ने मचाई हलचल

punjabkesari.in Saturday, Feb 07, 2026 - 11:44 AM (IST)

मुंबई: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और अमेरिका के बीच होने वाले पहले मुकाबले से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लग सकता है। तेज गेंदबाजी के अगुआ जसप्रीत बुमराह के इस मैच में न खेलने की संभावना जताई जा रही है। भारत 7 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा, लेकिन उससे पहले बुमराह की फिटनेस चिंता का कारण बन गई है।

वायरल फीवर के कारण बुमराह को मिल सकता है आराम

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, जसप्रीत बुमराह वायरल फीवर से जूझ रहे हैं। इसी वजह से टीम मैनेजमेंट उन्हें पहले मुकाबले में जोखिम में नहीं डालना चाहता। मेडिकल टीम की सलाह पर बुमराह को आराम दिया जा सकता है, ताकि वे जल्द से जल्द पूरी तरह फिट हो सकें। वानखेड़े में होने वाले इस अहम मुकाबले में उन्हें जल्दबाजी में प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया जाएगा।

बुमराह की गैरमौजूदगी में मोहम्मद सिराज की एंट्री तय!

रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि अगर बुमराह नहीं खेलते हैं, तो मोहम्मद सिराज की टी20 इंटरनेशनल टीम में वापसी तय मानी जा रही है। सिराज को हाल ही में हर्षित राणा के रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया गया था। हर्षित घुटने की चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं।

टी20 इंटरनेशनल से सिराज की लंबी दूरी

मोहम्मद सिराज ने भारत के लिए अब तक 16 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्होंने 14 विकेट झटके हैं। उनका आखिरी टी20I मुकाबला जुलाई 2024 में श्रीलंका के खिलाफ था। गौतम गंभीर के कार्यकाल में सिराज को इस फॉर्मेट से दूर रखा गया, हालांकि टेस्ट क्रिकेट में वे भारत के सबसे भरोसेमंद गेंदबाजों में से एक बन चुके हैं।

चोटों से जूझ रही टीम इंडिया

बुमराह के अलावा भारत की परेशानियां यहीं खत्म नहीं होतीं। वॉशिंगटन सुंदर भी अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं और शुरुआती मैचों से बाहर रह सकते हैं। वे अब तक टीम से नहीं जुड़े हैं और BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से फिटनेस क्लियरेंस का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में पहले मुकाबले के लिए भारत के पास सिर्फ 13 फिट खिलाड़ी उपलब्ध हो सकते हैं।

भारत का टी20 वर्ल्ड कप 2026 स्क्वाड

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह.


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News