टी20 वर्ल्ड कप : फाइनल मुकाबला से पहले डेल स्टेन की भविष्यवाणी, इस टीम को हराना नामुमकिन
punjabkesari.in Saturday, Mar 07, 2026 - 12:51 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस खिताबी भिड़ंत से पहले पूर्व दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने मैच को लेकर बड़ा बयान दिया है।
स्टेन बोले—भारत को हराना बेहद मुश्किल
डेल स्टेन का मानना है कि न्यूजीलैंड के लिए भारत को हराना बेहद कठिन होगा। उन्होंने कहा कि अगर कीवी टीम को जीत हासिल करनी है तो इसके लिए भारत को बहुत बड़ी गलती (Monumental Choke) करनी पड़ेगी।
स्टेन ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर न्यूजीलैंड यह फाइनल जीत जाता है तो वह ‘चोकर्स’ का टैग दक्षिण अफ्रीका से हटाकर न्यूजीलैंड को दे देंगे।
एबी डिविलियर्स के यूट्यूब चैनल पर दिया बयान
स्टेन ने यह बात एबी डिविलियर्स के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान कही। उन्होंने कहा, 'ईमानदारी से कहूं तो न्यूजीलैंड ने भी ज्यादा वर्ल्ड कप नहीं जीते हैं, जबकि वे कई फाइनल खेल चुके हैं। अगर वे इस बार जीत जाते हैं तो मैं खुशी-खुशी ‘चोकर्स’ का टैग उन्हें दे दूंगा।'
उन्होंने आगे कहा, 'मुझे न्यूजीलैंड पसंद है और मैं चाहता हूं कि वे जीतें, लेकिन क्या वे भारत को हरा पाएंगे? मुझे ऐसा नहीं लगता।'
ICC फाइनल में न्यूजीलैंड का रिकॉर्ड
न्यूजीलैंड ने अब तक दो ICC फाइनल जीते हैं। 2000 नॉकआउट ट्रॉफी (अब चैंपियंस ट्रॉफी), 2021 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल, जिसमें उन्होंने भारत को हराया था। इसके बावजूद स्टेन का मानना है कि मौजूदा फॉर्म को देखते हुए इस बार भारत फाइनल का प्रबल दावेदार है।
बुमराह पर कीवी टीम की नजर
फाइनल से पहले न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर ग्लेन फिलिप्स ने भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की जमकर तारीफ की।फिलिप्स ने कहा कि बुमराह विश्व स्तरीय गेंदबाज हैं और उनके पास कई तरह की विविधताएं हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि हर खिलाड़ी की तरह बुमराह का भी कभी खराब दिन हो सकता है और न्यूजीलैंड इसी उम्मीद के साथ मैदान में उतरेगा।
टूर्नामेंट में शानदार रहे बुमराह
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बुमराह भारत के सबसे प्रभावी गेंदबाजों में से एक रहे हैं। उन्होंने पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज और सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ शानदार गेंदबाजी कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

