T20 वर्ल्ड कप में भारत के साथ मैच नहीं खेलेगा पाकिस्तान, जानें पाक सरकार ने क्यों लिया ये फैसला
punjabkesari.in Sunday, Feb 01, 2026 - 09:04 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर पाकिस्तान सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान क्रिकेट टीम को हरी झंडी तो दे दी है, लेकिन इसके साथ एक ऐसी शर्त जोड़ दी है, जिसने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है। पाकिस्तान सरकार ने साफ किया है कि उसकी टीम 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ प्रस्तावित मुकाबले में नहीं उतरेगी। यानी पाकिस्तान टूर्नामेंट का हिस्सा रहेगा, लेकिन क्रिकेट के सबसे चर्चित मुकाबलों में से एक भारत-पाकिस्तान मैच नहीं खेला जाएगा।
सरकार ने X पर किया आधिकारिक ऐलान
इस फैसले की जानकारी पाकिस्तान सरकार ने अपने आधिकारिक X (पूर्व ट्विटर) अकाउंट के जरिए सार्वजनिक की। पोस्ट में कहा गया कि टीम की भागीदारी को मंजूरी दी गई है, लेकिन भारत के खिलाफ मैच खेलने की अनुमति नहीं होगी। सरकार के इस रुख ने टूर्नामेंट के शेड्यूल और आयोजन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हाई-वोल्टेज मुकाबले पर संकट
भारत-पाकिस्तान मुकाबला किसी भी आईसीसी टूर्नामेंट का सबसे बड़ा आकर्षण माना जाता है। दर्शकों की भारी दिलचस्पी, ब्रॉडकास्ट रेवेन्यू और टूर्नामेंट की लोकप्रियता इस मैच से सीधे जुड़ी रहती है। ऐसे में पाकिस्तान के इस फैसले से न सिर्फ फैंस निराश हैं, बल्कि आईसीसी के सामने भी एक नई चुनौती खड़ी हो गई है। माना जा रहा है कि अब इस मुद्दे पर अंतिम फैसला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद को लेना होगा।
ICC और BCCI की चुप्पी
फिलहाल इस पूरे मामले पर न तो आईसीसी और न ही भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है। यह भी साफ नहीं है कि भारत-पाकिस्तान मैच को रद्द किया जाएगा, रीशेड्यूल होगा या फिर किसी वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार किया जाएगा।

