T20 World Cup : जसप्रीत बुमराह संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय बने
punjabkesari.in Sunday, Feb 22, 2026 - 08:19 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप के सुपर 8 मुकाबले में भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने एक बार फिर अपनी धारदार गेंदबाजी से मैच का रुख बदल दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए इस अहम मुकाबले में बुमराह ने पावरप्ले के अंदर 2 विकेट लेकर टीम इंडिया को शानदार शुरुआत दिलाई। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में रविचंद्रन अश्विन के रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली।
पावरप्ले में बुमराह का डबल स्ट्राइक
जसप्रीत बुमराह ने मैच के दूसरे ओवर में ही अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक को शानदार गेंद पर बोल्ड कर भारत को पहली सफलता दिलाई। बुमराह की बैक ऑफ लेंथ डिलीवरी ऑफ स्टंप के बाहर पिच होकर अंदर की ओर आई। डी कॉक ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद की लाइन और लेंथ को समझ नहीं पाए और सीधा लेग स्टंप पर गेंद जा लगी। इस विकेट ने दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत को हिला दिया।
धीमी गेंद से रिकेल्टन को चकमा
तीसरे ओवर में अर्शदीप सिंह ने कप्तान एडेन मार्करम को आउट कर दबाव बढ़ाया। इसके बाद बुमराह ने अपने अगले ओवर में फिर से कमाल दिखाया। उन्होंने दाएं हाथ के बल्लेबाज रयान रिकेल्टन को धीमी गेंद पर फंसाया। गेंद लेग साइड के बाहर पिच हुई और बल्लेबाज़ टाइमिंग में चूक गए। शॉट हवा में गया और मिड-ऑफ पर शिवम दुबे ने आसान कैच लपक लिया। इस तरह पावरप्ले में दो बड़े विकेट लेकर बुमराह ने भारत को मैच में मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
अश्विन के रिकॉर्ड की बराबरी
इस मैच में दो विकेट लेते ही बुमराह ने टी20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए 32 विकेट पूरे कर लिए। इसके साथ ही उन्होंने रविचंद्रन अश्विन के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। अश्विन ने 24 मुकाबलों में 32 विकेट लिए थे, जबकि बुमराह ने यह उपलब्धि केवल 22 मैचों में हासिल कर ली। बेहतर स्ट्राइक रेट और कम मैचों में यह आंकड़ा छूना उनकी प्रभावशाली गेंदबाज़ी का प्रमाण है। अब बुमराह के पास इस टूर्नामेंट में ही यह रिकॉर्ड तोड़कर भारत के लिए टी20 वर्ल्ड कप इतिहास के सबसे सफल गेंदबाज़ बनने का मौका है।
भारतीय गेंदबाजों की सूची में टॉप पर
टी20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वालों की सूची में बुमराह और अश्विन संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं। उनके बाद अर्शदीप सिंह 31 विकेट के साथ तीसरे स्थान पर हैं। सूची में आगे हार्दिक पांड्या और रविंद्र जडेजा जैसे अनुभवी खिलाड़ी शामिल हैं। मौजूदा मैच में ही बुमराह और अर्शदीप दोनों के पास अश्विन का रिकॉर्ड पीछे छोड़ने का मौका मौजूद है।
रविचंद्रन अश्विन - 32 विकेट, 24 मैच
जसप्रीत बुमराह - 32 विकेट, 22 मैच
अर्शदीप सिंह - 31 विकेट, 18 मैच
हार्दिक पांड्या - 29 विकेट, 29 मैच
रवींद्र जडेजा - 22 विकेट, 30 मैच

