T20 वर्ल्ड कप : अक्षर को क्यों मिली उपकप्तान की जिम्मेदारी, मोंटी पनेसर ने बताई वजह
punjabkesari.in Tuesday, Dec 23, 2025 - 02:26 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: पूर्व इंग्लैंड के स्पिनर मोंटी पनेसर ने टीम इंडिया के ऑलराउंडर अक्षर पटेल को लेकर बड़ा बयान दिया है।पनेसर का मानना है कि टी20 इंटरनेशनल टीम में अक्षर को उपकप्तान बनाए जाने के पीछे हेड कोच गौतम गंभीर की ऑलराउंडर्स के प्रति पसंद है। उन्होंने यहां तक कहा कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद अक्षर पटेल को भारत का टी20 कप्तान भी बनाया जा सकता है।
शुभमन गिल के बाहर होने से बदली तस्वीर
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम की घोषणा के दौरान खराब फॉर्म के चलते शुभमन गिल को टीम में जगह नहीं मिली। इसके चलते एक बार फिर अक्षर पटेल को उपकप्तानी सौंपी गई। इससे पहले टी20 एशिया कप 2025 में सूर्यकुमार यादव के डिप्टी के तौर पर गिल को चुना गया था, तब अक्षर को यह भूमिका गंवानी पड़ी थी।
मोंटी पनेसर की बड़ी भविष्यवाणी
पनेसर ने कहा, 'गौतम गंभीर को ऐसे खिलाड़ी पसंद हैं जो बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में योगदान दे सकें। वह टेस्ट और टी20 दोनों फॉर्मेट में ऑलराउंडर्स पर भरोसा करते हैं। अगर भारत टी20 वर्ल्ड कप नहीं जीतता है, तो संभव है कि अक्षर पटेल को टी20 कप्तान बना दिया जाए।'
चयन समिति का पक्ष, अगरकर ने दी सफाई
मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर ने अक्षर को उपकप्तान बनाए जाने पर स्थिति साफ करते हुए कहा, 'शुभमन गिल टीम में नहीं हैं, इसलिए किसी और को उपकप्तान बनाना जरूरी था। इससे पहले भी जब गिल टी20 नहीं खेल रहे थे, तब अक्षर यह जिम्मेदारी निभा चुके हैं।'
हालिया प्रदर्शन ने बढ़ाया भरोसा
31 वर्षीय अक्षर पटेल हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में अहम भूमिका में नजर आए। दूसरे टी20 में उन्होंने नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए 46 रन बनाए और दो मैचों में तीन विकेट भी झटके। टीम मैनेजमेंट उन्हें बल्लेबाजी क्रम में फ्लोटर के तौर पर इस्तेमाल कर रहा है।
आगे क्या होगी अक्षर की भूमिका?
न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज को लेकर सूर्यकुमार यादव ने संकेत दिए हैं कि नंबर-3 पर अब तिलक वर्मा को मौका मिल सकता है। वहीं, अक्षर पटेल को विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के लिए गुजरात की टीम में शामिल नहीं किया गया है। हालांकि, वह 21 जनवरी से शुरू होने वाली न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में टीम इंडिया के लिए फिर से मैदान में उतरेंगे।

