T20 WC: ऑस्ट्रेलिया पर जीत के बाद जिम्बाब्वे के कप्तान का ''अविश्वसनीय'' बनाय आया सामने

punjabkesari.in Friday, Feb 13, 2026 - 06:19 PM (IST)

कोलंबो : जिम्बाब्वे के कार्यवाहक कप्तान सिकंदर रजा ने आस्ट्रेलिया पर 23 रन से मिली जीत को 'अविश्वसनीय' करार देते हुए कहा कि टीम की एकजुटता, माहौल और संस्कृति ने इसे संभव कर दिखाया। जिम्बाब्वे ने आर प्रेमदासा स्टेडियम पर ग्रुप बी के मैच में ऑस्ट्रेलिया को हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया। 

रजा ने मैच के बाद कहा, 'बहुत खुश हूं और गौरवान्वित भी। बड़े भाई की तरह महसूस कर रहा हूं जिसके छोटे भाई मिलकर इतना कुछ हासिल कर रहे हैं।' रजा ने 13 गेंद में नाबाद 25 रन बनाये और गेंदबाजी की शुरूआत की लेकिन नौवें ओवर में मांसपेशी में खिंचाव के कारण उन्हें मैदान से जाना पड़ा। उन्होंने कहा, 'बाहर से देखकर बहुत अच्छा लगा कि टीम ने कैसे जीत हासिल की। टीम के माहौल, एकता और संस्कृति के कारण ही यह हो सका। बाहर से देखकर गर्व महसूस कर रहा था। यह अविश्वसनीय है।' रजा ने कहा, 'जिस तरह से हमने गेंदबाजी की, चौके रोके, बल्लेबाजी की, सब शानदार था। टीम को जीत की जरूरत थी और वह मिली।' 

गौर हो कि मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप में शुक्रवार को एक बड़ा झटका देखने को मिला, जब जिम्बाब्वे ने चोटों से जूझ रही ऑस्ट्रेलियाई टीम को 23 रन से हराकर टूर्नामेंट का पहला बड़ा उलटफेर कर दिया। अनुशासित बल्लेबाजी और धारदार गेंदबाजी के दम पर जिम्बाब्वे ने 170 रन का लक्ष्य बचाते हुए पूर्व चैंपियन को 19.3 ओवर में 146 पर समेट दिया। यह सिर्फ दूसरी बार है जब जिम्बाब्वे ने टी20 फॉर्मेट में ऑस्ट्रेलिया जैसी बड़ी टीम को हराया। इससे पहले 2007 में भी ऐसा कारनामा हुआ था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News