IND vs ENG: इंग्लैंड दौरे के लिए टीम इंडिया का ऐलान, रोहित-कोहली की वापसी; जायसवाल बाहर

punjabkesari.in Sunday, Jun 21, 2026 - 02:05 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंग्लैंड दौरे के लिए तीन मैचों की वनडे सीरीज हेतु 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। शुभमन गिल को टीम की कमान सौंपी गई है, जबकि रोहित शर्मा और विराट कोहली की लंबे समय बाद वनडे टीम में वापसी हुई है। हालांकि अफगानिस्तान के खिलाफ शानदार शतक लगाने वाले युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल को टीम में जगह नहीं मिली है। वहीं ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं।

रोहित पर भरोसा, जायसवाल को नहीं मिला इनाम

अफगानिस्तान सीरीज में रोहित शर्मा की फॉर्म पर सवाल उठे थे, लेकिन चयनकर्ताओं ने अनुभवी बल्लेबाज पर भरोसा कायम रखा। दूसरी ओर यशस्वी जायसवाल ने उसी सीरीज में शानदार शतक जड़कर अपनी दावेदारी मजबूत की थी, फिर भी उन्हें अंतिम टीम में शामिल नहीं किया गया। कप्तान शुभमन गिल ने हाल ही में कहा था कि टीम चयन "अच्छा सिरदर्द" है और अंतिम फैसला खिलाड़ियों की फिटनेस व सर्वश्रेष्ठ संयोजन को ध्यान में रखकर लिया जाएगा।

कोहली फिटनेस क्लियरेंस के बाद खेलेंगे, बुमराह की तीन साल बाद वापसी

आईपीएल 2026 फाइनल के दौरान हैमस्ट्रिंग चोट से जूझ रहे विराट कोहली को टीम में शामिल किया गया है, लेकिन वह फिटनेस क्लियरेंस मिलने के बाद ही मैदान पर उतरेंगे। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी लगभग तीन साल बाद वनडे टीम में लौटे हैं। उन्होंने अपना आखिरी वनडे 2023 विश्व कप फाइनल में खेला था। वहीं मोहम्मद सिराज को टीम में जगह नहीं मिली है, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और गुरनूर बरार को बरकरार रखा गया है।

1 जुलाई से शुरू होगा इंग्लैंड दौरा

भारत का यूरोप दौरा आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मुकाबलों से शुरू होगा। इसके बाद टीम इंग्लैंड के खिलाफ पांच टी20 और तीन वनडे मैच खेलेगी। वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 14 जुलाई को बर्मिंघम, दूसरा 16 जुलाई को कार्डिफ और तीसरा 19 जुलाई को लॉर्ड्स में खेला जाएगा।

इंग्लैंड दौरे के लिए भारत की वनडे टीम

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली*, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, नितीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और गुरनूर बरार। *फिटनेस क्लियरेंस के बाद खेलेंगे।

वनडे सीरीज का कार्यक्रम

पहला वनडे – 14 जुलाई, बर्मिंघम
दूसरा वनडे – 16 जुलाई, कार्डिफ
तीसरा वनडे – 19 जुलाई, लॉर्ड्स


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News