शतरंज में भी होनी चाहिए लीग: तान्या सचदेव

punjabkesari.in Saturday, Apr 28, 2018 - 11:22 PM (IST)

नई दिल्लीः दिल्ली की स्टार शतरंज खिलाड़ी तान्या सचदेव का मानना है कि अन्य खेलों की तरह शतरंज में भी उसकी अपनी एक लीग होनी चाहिए। तान्या ने शनिवार को यहां भारत की पहली माइंड स्पोर्ट्स लीग सीरीज ब्रेन डुएल लांच करने के बाद संवाददाताओं से कहा, शतरंज में एक लीग की कमी महसूस हो रही है और इसे लाया जाना चाहिए जिससे देश में 64 खानों के इस खेल को बढ़ावा मिलेगा। शतरंज को सरकार मदद कर रही है, फेडरेशन मदद कर रही है लेकिन जो एक कमी महसूस हो रही है वह लीग की है। 

जब तमाम दूसरे खेलों में लीग चल रही हैं तो फिर शतरंज में क्यों नहीं। देश में शतरंज की लोकप्रियता का श्रेय लीजेंड खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद को देते हुए तान्या ने कहा, किसी खेल की लोकप्रियता के लिए एक चैंपियन का होना बहुत जरूरी है और आनंद ने यह काम बखूबी किया है। हमें और अच्छे परिणाम देने की जरूरत है। हमारी लड़कियां अच्छा खेल रही हैं और स्कूलों में यह खेल लोकप्रिय हो रहा है। तान्या ने इस बात पर खुशी जताई कि देश में खेल तरक्की कर रहे हैं और खेलों का ग्राफ ऊपर जा रहा है।  

ब्रेन डुएल गे्म्स प्राइवेट लिमिटेड के सह संस्थापक गौरव गग्गर और कुणाल ललानी ने अपनी तरह की इस पहली लीग को लांच किया जिसमें शतरंज, इ- गेमिंग, पोकर और क्विज को रखा गया है। देश भर से खिलाड़ी अक्टूबर में होने वाली इस लीग में हिस्सा लेंगे। इस अवसर पर मशहूर फिल्म अभिनेता अर्जुन रामपाल भी मौजूद थे और उन्होंने कहा कि माइंड स्पोर्ट्स को देश में बढ़ावा दिया जाना चाहिए। लीग में कुल पांच करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि होगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Recommended News

Related News