महिला टीम की ऐतिहासिक जीत पर बोले अश्विन, ये भारत के क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी उपलब्धि

punjabkesari.in Tuesday, Nov 04, 2025 - 10:09 AM (IST)

नई दिल्ली: भारत के दिग्गज ऑफ-स्पिनर रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) ने महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम इंडिया की जीत को देश के क्रिकेट इतिहास की “सबसे बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि” बताया है।

अश्विन ने कहा कि यह जीत किसी भी अन्य वर्ल्ड कप जीत से “बड़ी और असरदार” है, क्योंकि यह भारत में महिला क्रिकेट का चेहरा बदल देगी और लाखों लड़कियों को इस खेल को अपनाने के लिए प्रेरित करेगी।

अश्विन का बयान

अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए अश्विन ने कहा, 'मैं इस जीत को भारत की अब तक की सभी वर्ल्ड कप जीतों से बड़ा मानता हूं। इस जीत में वो ताकत है जो देशभर की लड़कियों को क्रिकेट अपनाने और करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगी। यह भारतीय महिला क्रिकेट के नजरिए को पूरी तरह बदल देगी।'

अश्विन का मानना है कि यह जीत आने वाली पीढ़ियों के लिए एक “टर्निंग पॉइंट” साबित होगी। उन्होंने कहा, 'यह केवल ट्रॉफी जीत नहीं है, यह उस सोच को बदलने का कदम है जो अब तक महिला क्रिकेट को सीमित मानती थी।'

भारत की ऐतिहासिक जीत

हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारत ने नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में साउथ अफ्रीका को 52 रनों से हराकर अपना पहला महिला वनडे वर्ल्ड कप खिताब जीता।

भारत ने अब तक पुरुष और महिला दोनों वर्गों में कुल तीन वनडे वर्ल्ड कप ट्रॉफी अपने नाम की हैं:

1983: कपिल देव की कप्तानी में
2011: महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में
2025: हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में

इसके अलावा भारत के पास दो टी20 वर्ल्ड कप (2007, 2024) और दो चैंपियंस ट्रॉफी (2013, 2025) खिताब भी हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News