थॉमस ओ''कॉनर का धमाकेदार प्रदर्शन, एक मैच में झटके 13 विकेट, अपने ही पिता का रिकॉर्ड तोड़ा

punjabkesari.in Thursday, Mar 12, 2026 - 06:35 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : न्यूजीलैंड के युवा तेज गेंदबाज Thomas O'Connor ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करते हुए सुर्खियां बटोरी हैं। बाएं हाथ के इस सीमर ने प्लंकेट शील्ड मुकाबले में 13 विकेट लेकर अपनी टीम को बड़ी जीत दिलाई और साथ ही अपने पिता Shayne O'Connor के पुराने रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। ओटागो के लिए खेलते हुए थॉमस ने ऑकलैंड के खिलाफ दोनों पारियों में घातक गेंदबाजी की। उनके इस प्रदर्शन ने न सिर्फ टीम को जीत दिलाई बल्कि न्यूजीलैंड क्रिकेट में उनके उज्ज्वल भविष्य की भी मजबूत झलक दी। 

प्लंकेट शील्ड में ऐतिहासिक गेंदबाजी

प्लंकेट शील्ड के छठे राउंड में ओटागो क्रिकेट टीम और ऑकलैंड क्रिकेट टीम के बीच खेले गए मुकाबले में थॉमस ओ'कॉनर ने बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। पहली पारी में उन्होंने 58 रन देकर 7 विकेट लिए, जो प्लंकेट शील्ड में ओटागो के लिए बेहतरीन गेंदबाजी आंकड़ों में से एक है। दूसरी पारी में भी उनका कहर जारी रहा और उन्होंने 27 रन देकर 6 विकेट हासिल किए। इस तरह पूरे मैच में 13 विकेट लेकर उन्होंने विपक्षी टीम की बल्लेबाजी लाइनअप को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया और ओटागो को तीन दिन के अंदर महत्वपूर्ण जीत दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई। 

पिता के रिकॉर्ड को किया पीछे

इस शानदार प्रदर्शन के साथ थॉमस ने अपने पिता शायन ओ'कॉनर के करियर के सर्वश्रेष्ठ फर्स्ट-क्लास आंकड़ों को भी पीछे छोड़ दिया। शायन ओ'कॉनर ने 1998-99 सीजन में एक मैच में 122 रन देकर 12 विकेट लिए थे। वहीं थॉमस ने इस मुकाबले में 13 विकेट लेकर परिवार के क्रिकेट इतिहास में नया अध्याय लिख दिया। यह प्रदर्शन 1989-90 के बाद ओटागो के लिए सबसे बेहतरीन मैच आंकड़ों में भी शामिल हो गया है। 

स्विंग और एक्शन में पिता की झलक 

क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि थॉमस की गेंदबाजी शैली काफी हद तक उनके पिता से मिलती-जुलती है। उनकी खासियत तेज इनस्विंग गेंदें हैं, जो बल्लेबाजों को चकमा देने में सक्षम हैं। पहली पारी में उन्होंने इसी तरह की एक तेज इनस्विंगर से ऑकलैंड के बल्लेबाज हरीश कन्नन को आउट किया। दूसरी पारी में भी उन्होंने इसी रणनीति से बल्लेबाजों को परेशान किया और कई अहम विकेट झटके। 

सीमित अनुभव के बावजूद शानदार प्रदर्शन 

थॉमस ओ'कॉनर अभी तक सिर्फ चार फर्स्ट-क्लास मैच ही खेले हैं, लेकिन उनके प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया है कि वह सिर्फ एक ही तरह की गेंदबाजी करने वाले खिलाड़ी नहीं हैं। उन्होंने अलग-अलग परिस्थितियों में गेंद को स्विंग कराया और विपक्षी बल्लेबाजों को लगातार दबाव में रखा। बाएं हाथ के बल्लेबाज लैकलन स्टैकपोल के खिलाफ उन्होंने गेंद को विकेट से बाहर की ओर स्विंग कराया, जिससे बल्लेबाज कीपर के हाथों कैच आउट हो गया। 

पिता की सलाह बनी सफलता की कुंजी 

मैच के बाद थॉमस ने कहा कि उनके पिता ने उन्हें तकनीकी से ज्यादा मानसिक रूप से मजबूत रहने की सलाह दी है।उन्होंने बताया कि उनके पिता हमेशा उन्हें खेल का आनंद लेने और टीम के लिए योगदान देने पर ध्यान देने को कहते हैं।थॉमस के मुताबिक, क्रिकेट खेलने का मौका मिलना ही अपने आप में एक सौभाग्य है और इसी सोच ने उन्हें मैदान पर बेहतर प्रदर्शन करने में मदद की। 

उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ते कदम 

थॉमस का यह प्रदर्शन ऐसे समय आया है जब उनका क्रिकेट करियर अभी शुरुआती दौर में है। प्लंकेट शील्ड में रिकॉर्ड तोड़ने से पहले ही उन्हें 2026 सीजन के लिए आयरलैंड के प्रतिष्ठित क्लब लेइनस्टर क्रिकेट क्लब ने अपने विदेशी खिलाड़ी के रूप में साइन कर लिया है। इसके अलावा वह पिछले साल वेस्ट इंडीज के खिलाफ एक अभ्यास मैच में भी खेल चुके हैं, जहां उन्होंने ओपनर जॉन कैंपबेल का विकेट लेकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News