U19 World Cup : वैभव सूर्यवंशी की सबसे बड़ी कमजोरी सामने आई, फाइनल में रहना होगा सतर्क
punjabkesari.in Thursday, Feb 05, 2026 - 03:57 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : महज 14 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 वर्ल्ड कप में अपने आक्रामक बल्लेबाज़ी अंदाज़ से सबका ध्यान खींचा है। युवा बल्लेबाज़ ने टूर्नामेंट में बेखौफ शॉट्स, ऊंचा स्ट्राइक रेट और बड़े स्कोर के दम पर खुद को भविष्य का स्टार साबित किया। हालांकि, जहां एक तरफ उनका बल्ला आग उगलता दिखा, वहीं दूसरी ओर एक तकनीकी कमजोरी भी सामने आई। खासतौर पर बाउंसर गेंदों के खिलाफ वैभव का संघर्ष विपक्षी टीमों के लिए रणनीति बनता नजर आया।
आंकड़ों में वैभव सूर्यवंशी का शानदार वर्ल्ड कप
वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 वर्ल्ड कप में 6 मैचों की 6 पारियों में कुल 264 रन बनाए। उनका औसत 44 का रहा, जबकि स्ट्राइक रेट 147.48 जैसे प्रभावशाली स्तर पर पहुंचा। टूर्नामेंट के दौरान उन्होंने 26 चौके और 15 छक्के जड़े, जो उनके आक्रामक खेल की साफ तस्वीर पेश करते हैं। इतनी कम उम्र में इस तरह का प्रदर्शन उन्हें प्रतियोगिता के सबसे चर्चित बल्लेबाज़ों में शामिल करता है।
सेमीफाइनल में अफगानिस्तान के खिलाफ विस्फोटक पारी
बुधवार, 4 जनवरी को अफगानिस्तान अंडर-19 टीम के खिलाफ खेले गए सेमीफाइनल में वैभव ने एक बार फिर अपना दम दिखाया। उन्होंने सिर्फ 33 गेंदों में 68 रन की तेज़ तर्रार पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 4 छक्के शामिल थे। कुछ देर के लिए ऐसा लगा कि वह शतक की ओर बढ़ रहे हैं, लेकिन एक बाउंसर गेंद ने उनकी पारी का अंत कर दिया। नूरिस्तानी उमरजई की गेंद पर ओस्मान सादात ने उनका कैच लपका।
आक्रामक सोच, लेकिन सामने आई कमजोर कड़ी
वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाज़ी से यह साफ है कि वह रक्षात्मक खेलने में नहीं, बल्कि आक्रामक अंदाज़ में रन बनाने में विश्वास रखते हैं। हालांकि, इसी दौरान उनकी एक कमजोरी भी उजागर हुई—छोटी और उछाल वाली गेंदें। टूर्नामेंट में कई बार बाउंसर पर आउट होना इस बात का संकेत है कि इस पहलू पर उन्हें काम करने की ज़रूरत है।
कैसे-कैसे आउट हुए वैभव: बाउंसर बना कारण
अमेरिका के खिलाफ: सिर्फ 2 रन बनाकर ऋत्विक अप्पिडी की गेंद पर बोल्ड।
बांग्लादेश के खिलाफ: 72 रन की पारी में छोटी लेंथ की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश, लेकिन कैच आउट।
न्यूजीलैंड के खिलाफ: 40 रन बनाकर ऑफ स्टंप के बाहर डाली गई बाउंसर पर पुल शॉट खेलते हुए मिड-ऑफ पर कैच।
जिम्बाब्वे के खिलाफ: 2 रन बनाकर सीधे मिड-ऑफ फील्डर को कैच।
पाकिस्तान के खिलाफ: 30 रन पर बाउंसर गेंद पर पुल शॉट में निचला किनारा, विकेटकीपर को कैच।
इनमें से बांग्लादेश, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और अफगानिस्तान के खिलाफ वैभव बाउंसर गेंदों पर आउट हुए। कुल 6 पारियों में 4 बार यही कमजोरी सामने आई।

