तीसरी बार पिता बने ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ओपनर, बेटी का रखा हिंदी नाम

punjabkesari.in Thursday, Mar 19, 2026 - 12:38 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ओपनर Usman Khawaja के घर एक बार फिर खुशियों ने दस्तक दी है। वह तीसरी बार पिता बने हैं और इस बार भी उनके घर नन्हीं बेटी का जन्म हुआ है। ख्वाजा ने इस खास मौके को अपने फैंस के साथ सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए अपनी खुशी जाहिर की।

इंस्टाग्राम पोस्ट से दी खुशखबरी

ख्वाजा ने इंस्टाग्राम पर अपनी बेटी की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “3 में से 3! अमीरा माया ख्वाजा का जन्म हुआ… हम बहुत आभारी हैं।” उन्होंने मजाकिया अंदाज में कैप्शन में यह भी जोड़ दिया कि “पूरी टीम बनाने के लिए अब 8 और चाहिए!” उनका यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

हिंदी नाम ने जीता फैंस का दिल

इस बार सबसे खास बात यह रही कि Usman Khawaja ने अपनी बेटी का नाम “अमीरा माया ख्वाजा” रखा, जिसमें हिंदी टच साफ नजर आता है। भारतीय फैंस ने इस फैसले को काफी पसंद किया और सोशल मीडिया पर उन्हें खूब बधाइयां दीं।

पहले से हैं दो बेटियां

ख्वाजा और उनकी पत्नी रशेल की पहले से दो बेटियां—आयशा राहिल और आयला—हैं। अब परिवार में तीसरी बेटी के आने से खुशियां और भी बढ़ गई हैं। इस खबर पर उनके पूर्व साथी David Warner ने भी मजेदार अंदाज में प्रतिक्रिया दी और उन्हें बधाई दी।

परिवार के लिए छोड़ा अहम मैच

अपनी बेटी के जन्म के चलते ख्वाजा ने क्वींसलैंड के लिए अपना आखिरी फर्स्ट क्लास मैच भी मिस किया। इससे साफ है कि वह अपने परिवार को कितनी प्राथमिकता देते हैं और इस खास पल को अपने करीबियों के साथ बिताना चाहते थे।

शानदार करियर के साथ आया खुशियों का पल

यह खुशखबरी ख्वाजा के क्रिकेट करियर के एक बड़े मोड़ पर आई है। उन्होंने हाल ही में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया था और The Ashes के दौरान अपना आखिरी मैच खेला। वह ICC World Test Championship जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम का अहम हिस्सा रहे और 2023 में ‘ICC टेस्ट क्रिकेटर ऑफ द ईयर’ भी चुने गए थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News