पाकिस्तान का दौरा करेगा ऑस्ट्रेलिया, 30 मई से खेली जाएगी वनडे श्रृंखला
punjabkesari.in Friday, Apr 17, 2026 - 05:11 PM (IST)
कराची : ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम लाहौर और रावलपिंडी में तीन मैच की वनडे श्रृंखला खेलने के लिए मई के अंत में पाकिस्तान का दौरा करने के लिए तैयार है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
यह श्रृंखला क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) और पीसीबी के बीच हुए एक समझौते का हिस्सा है जिसके अंतर्गत ऑस्ट्रेलियाई टी20 टीम ने टी20 विश्व कप से पहले पाकिस्तान का दौरा किया था और लाहौर में तीन मैच खेले थे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के साथ इस दौरे को अंतिम रूप दिया जा रहा है लेकिन मैच संभावित रूप से 30 मई से पांच जून के बीच होंगे।
सूत्र ने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई टीम पाकिस्तान से बांग्लादेश के लिए रवाना होगी जहां उसे 9 जून से वनडे श्रृंखला खेलनी है। पाकिस्तान को पाकिस्तान सुपर लीग के समापन के बाद आठ से 20 मई के बीच में दो टेस्ट मैच की श्रृंखला के लिए बांग्लादेश का दौरा करना है लेकिन उनकी इस साल सबसे अहम श्रृंखला अगस्त और सितंबर में इंग्लैंड में तीन टेस्ट की है जो आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा है।

