IPL 2026: राजस्थान रॉयल्स की हार के बीच वैभव सूर्यवंशी का बड़ा धमाका, बना डाला अनोखा रिकॉर्ड
punjabkesari.in Sunday, May 10, 2026 - 10:07 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स (RR) की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। 9 मई को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में शुभमन गिल की अगुआई वाली गुजरात टाइटंस (GT) ने RR को 77 रन से करारी शिकस्त दी।
230 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान की टीम 152 रन पर सिमट गई। गुजरात की जीत के हीरो अनुभवी स्पिनर राशिद खान रहे, जिन्होंने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लेकर RR की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।
गिल और सुदर्शन ने दिलाई धमाकेदार शुरुआत
टॉस जीतकर राजस्थान के कार्यवाहक कप्तान यशस्वी जायसवाल ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन GT के सलामी बल्लेबाजों ने इस निर्णय को गलत साबित कर दिया। कप्तान शुभमन गिल ने 44 गेंदों में 84 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि साई सुदर्शन ने 36 गेंदों में 55 रन बनाए। दोनों के बीच शानदार साझेदारी हुई, जिसकी बदौलत गुजरात ने 20 ओवर में 229/4 का विशाल स्कोर खड़ा किया।
वैभव सूर्यवंशी ने फिर खेली तूफानी पारी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने तेज शुरुआत दिलाई। उन्होंने पहली ही गेंद से आक्रामक अंदाज अपनाया और सिर्फ 16 गेंदों में 36 रन ठोक दिए। अपनी छोटी लेकिन विस्फोटक पारी में वैभव ने 3 चौके और 3 छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 225.00 का रहा। हालांकि वह बड़ी पारी नहीं खेल सके, लेकिन इस दौरान उन्होंने IPL इतिहास का बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
IPL इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा
वैभव सूर्यवंशी IPL के एक सीजन में पावरप्ले के दौरान 30 छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड सनराइजर्स हैदराबाद के स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के नाम था, जिन्होंने IPL 2024 में पावरप्ले में 29 छक्के लगाए थे। दिलचस्प बात यह है कि अभिषेक शर्मा ने मौजूदा सीजन में अब तक 27 पावरप्ले छक्के लगाए हैं। 15 साल की उम्र में वैभव का यह रिकॉर्ड उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी और निडर अंदाज को दिखाता है।
IPL 2026 में शानदार रहा वैभव का प्रदर्शन
वैभव सूर्यवंशी राजस्थान रॉयल्स के लिए इस सीजन लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। बाएं हाथ के इस युवा बल्लेबाज ने IPL 2026 में अब तक 11 पारियों में 440 रन बनाए हैं। उनका औसत 40.00 का रहा है, जबकि स्ट्राइक रेट 236.55 का है। वैभव इस सीजन एक शतक और दो अर्धशतक भी लगा चुके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 103 रन रहा, जो उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ सिर्फ 37 गेंदों में बनाया था।

