IND vs USA : 77/6 के बाद भी जीत, उपकप्तान अक्षर ने बताया क्यों बैटिंग कोलैप्स भारत के लिए ‘फायदेमंद’

punjabkesari.in Sunday, Feb 08, 2026 - 11:13 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने USA को 29 रन से हराकर टूर्नामेंट की विजयी शुरुआत की, लेकिन इस मुकाबले में भारतीय टीम को टॉप ऑर्डर के बल्लेबाजी कोलैप्स का सामना करना पड़ा। उपकप्तान अक्षर पटेल का मानना है कि यह शुरुआती झटका टीम इंडिया के लिए एक जरूरी सबक साबित होगा।

टॉप ऑर्डर ढहने से 77/6 तक पहुंचा भारत

वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। शुरुआती ओवरों में विकेट गिरते चले गए और एक समय भारत का स्कोर 77 रन पर 6 विकेट हो गया।

अक्षर-सूर्या की साझेदारी ने बदला मैच

संकट के समय अक्षर पटेल और सूर्यकुमार यादव ने पारी को संभाला। दोनों के बीच हुई अहम साझेदारी ने भारत को मुश्किल हालात से बाहर निकाला और टीम को 161/9 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

वानखेड़े की पिच पर अक्षर की साफ राय

मैच के बाद अक्षर पटेल ने वानखेड़े की पिच को लेकर कहा, 'आमतौर पर मुंबई की पिच फ्लैट होती है, लेकिन आज हालात अलग थे। दो ओवर के बाद हम खुद हैरान रह गए। इसलिए हमने प्लान बदला और 140–150 तक पहुंचने का लक्ष्य रखा।'

उन्होंने आगे कहा कि जब वह बल्लेबाजी करने आए, तब टीम का फोकस विकेट बचाने पर था, लेकिन एक ओवर में 21 रन बनने से मैच की दिशा बदल गई।

अली खान की चोट बनी USA के लिए टर्निंग पॉइंट

USA को बड़ा झटका तब लगा जब तेज गेंदबाज अली खान चोट के कारण अपने स्पेल को पूरा नहीं कर सके। अली खान ने शुरुआती दो ओवरों में सिर्फ 13 रन दिए और अभिषेक शर्मा को गोल्डन डक पर आउट किया था। उनकी गैरमौजूदगी में गेंदबाजी की जिम्मेदारी सौरभ नेत्रवलकर पर आई, लेकिन वह लय बरकरार नहीं रख सके।

नेत्रवलकर के महंगे ओवरों ने पलटा मैच

सौरभ नेत्रवलकर ने अपने दो ओवरों में 42 रन लुटाए, दोनों ओवरों में 21-21 रन गए। यही अतिरिक्त रन अंत में मैच का फर्क साबित हुए और भारत जीत की ओर बढ़ गया।

‘पहले मैच में यह होना अच्छा रहा’—अक्षर

अक्षर पटेल ने बल्लेबाजी कोलैप्स पर कहा, 'क्रिकेट में ऐसा होता रहता है। अच्छा है कि यह टूर्नामेंट के पहले ही मैच में हुआ। पिच को समझना बहुत जरूरी है और इस अनुभव से हम आगे और बेहतर होंगे।'

अब नामीबिया से होगी अगली टक्कर

USA के खिलाफ 29 रन की जीत के बाद टीम इंडिया अब अपना दूसरा ग्रुप स्टेज मैच नामीबिया के खिलाफ खेलेगी। यह मुकाबला नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News