रुतुराज गायकवाड़ ने रचा इतिहास, एक ओवर में जड़े लगातार 7 छक्के
punjabkesari.in Monday, Nov 28, 2022 - 01:55 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : घरेलू 50 ओवर के विजय हजारे ट्राॅफी के दूसरे क्वार्टरफाइनल मुकाबले में रुतुराज गायकवाड़ ने उत्तर प्रदेश की धज्जियां उड़ाते हुए रनों की बरसात कर दी। महाराष्ट्र की तरफ से खेलते हुए रुतुराज ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में सोमवार एक ही ओवर में लगातार 7 छक्के जड़कर नया इतिहास रच दिया है। उन्होंने ऐसा कर युवराज सिंह को किसी फाॅर्मेट में लगातार ज्यादा छक्के लगाने के मामले में पीछे छोड़ दिया।
दरअसल, उत्तर प्रदेश के खिलाफ पारी के 49वें ओवर में गायकवाड़ ने लगातार 7 छक्के जड़े। उनके कहर का शिकार शिवा सिंह हुए। शिवा को पहली 4 गेंदों पर लगातार 4 छक्के पड़े। अगली गेंद शिवा ने नो बाॅल फेंकी, जिसपर भी गायकवाड़ ने छक्का जड़ दिया। इसके बाद अगली दो गेंदों पर भी लगातार दो छक्के लगाते हुए गायकवाड़ ने एक ही ओवर में 7 छक्के लगाने का अद्भुत रिकाॅर्ड अपने नाम कर लिया।
हालांकि, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अभी भी युवराज के नाम ही रिकाॅर्ड है, जिन्होंने 2007 टी20 विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ स्टुअर्ट ब्राॅड को लगातार 6 छक्के लगाए थे। लेकिन अगर हम ओवरऑल रिकाॅर्ड की बात करें तो अभी तक किसी भी अन्य भारतीय बल्लेबाज ने एक ही ओवर में लगातार 7 छक्के लगाने का काम नहीं किया है। इससे पहले श्रीलंका के नाविंडु पहासरा ने साल 2017 में एक ओवर में सात छक्के लगाए थे। उन्होंने अंडर-15 मुरली गुडनेस कप में फॉग क्रिकेट अकादमी की ओर से खेलते हुए 89 गेंद पर 109 रन की पारी खेली थी।
DOUBLE-CENTURY!
— BCCI Domestic (@BCCIdomestic) November 28, 2022
Ruturaj Gaikwad finishes with an unbeaten 2⃣2⃣0⃣* off just 159 balls! 👏
Follow the match ▶️ https://t.co/cIJsS7QVxK#VijayHazareTrophy | #QF2 | #MAHvUP | @mastercardindia pic.twitter.com/pVRYh4duLk
ओवर में आए 43 रन
रुतुराज ने तबाही मचाते हुए शिवा के एक ओवर में 43 रन बटोरे। गायकवाड़ ने कुल नाबाद 220 रनों की पारी खेली, जो 159 गेंदों में आई। उनकी पारी में 10 चाैके व 16 छक्के शामिल रहे, जिसकी बदाैलत महाराष्ट्र ने 50 ओवर में 5 विकेट खोकर 330 रन बना दिए।