BWF World Championships: लक्ष्य सेन की चौंकाने वाली हार, पूर्व भारतीय कोच ने प्रदर्शन पर उठाए सवाल

punjabkesari.in Thursday, Aug 20, 2026 - 01:52 PM (IST)

नई दिल्ली: भारतीय स्टार शटलर Lakshya Sen को BWF विश्व चैंपियनशिप 2026 में बड़ा उलटफेर झेलना पड़ा। दिल्ली में खेले गए राउंड ऑफ 32 मुकाबले में दुनिया के 92वें नंबर के अमेरिकी खिलाड़ी गैरेट टैन ने उन्हें 21-19, 19-21, 21-17 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। 73 मिनट तक चले मुकाबले में लक्ष्य ने पहला गेम जीतने के बावजूद लय गंवा दी और निर्णायक गेम में अमेरिकी खिलाड़ी ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।

लक्ष्य सेन की इस हार से भारत के पूर्व चीफ नेशनल कोच विमल कुमार भी निराश नजर आए। उन्होंने लक्ष्य के प्रदर्शन की आलोचना करते हुए कहा कि भारतीय खिलाड़ी मुकाबले में जरूरत से ज्यादा रक्षात्मक नजर आए और उन्होंने गैरेट टैन को रैलियों पर नियंत्रण बनाने का मौका दिया।

विमल कुमार ने कहा, 'शटल के नीचे जाकर आक्रामक और डाउनवर्ड शॉट खेलने की कोशिश भी बहुत कम थी। वह बहुत रक्षात्मक थे और उन्होंने विपक्षी को रैलियों को नियंत्रित करने दिया।' पूर्व कोच ने लक्ष्य की बेसिक शॉट्स पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, 'नेट से बैक कोर्ट तक शटल को उठाने वाले बेसिक लिफ्ट में भी आत्मविश्वास की कमी दिखी। वह गलतियां किए बिना रैलियों को जारी रखने के लिए पर्याप्त आत्मविश्वास में नहीं दिखे और इससे उन पर अनावश्यक दबाव बन गया।'

विमल ने लक्ष्य के प्रदर्शन को निराशाजनक बताते हुए कहा, 'कुल मिलाकर, वह आज बहुत साधारण नजर आए। यह ऐसा मुकाबला था जिसे उन्हें जीतना चाहिए था।'

पहला गेम लक्ष्य ने 21-19 से अपने नाम किया, लेकिन दूसरे गेम में गैरेट टैन ने शानदार वापसी की। दूसरे गेम में 11-9 की बढ़त के दौरान टैन को धैर्य बनाए रखने की सलाह दी गई। इसके बाद अमेरिकी खिलाड़ी ने अपनी रणनीति बदली और 21-19 से गेम जीतकर मुकाबले को निर्णायक गेम में पहुंचा दिया।

तीसरे गेम में टैन ने शुरुआत से ही दबाव बना दिया और एक समय वह 8-2 से आगे थे। इस दौरान स्टेडियम में मौजूद भारतीय दर्शकों ने लक्ष्य का जोरदार समर्थन किया। टैन ने स्वीकार किया कि दर्शकों के शोर ने उन पर दबाव बनाया, जिसका फायदा लक्ष्य को मिला और भारतीय खिलाड़ी ने 4-12 से पिछड़ने के बाद स्कोर 10-12 कर दिया।

हालांकि, टैन ने दबाव में अपना संयम बनाए रखा। मेडिकल टाइमआउट के बाद उन्होंने लगातार महत्वपूर्ण अंक हासिल किए और अंततः 21-17 से निर्णायक गेम जीतकर लक्ष्य सेन को चौंकाते हुए राउंड ऑफ 16 में जगह बना ली।

अब किससे होगा मुकाबला?

गैरेट टैन अब BWF विश्व चैंपियनशिप के राउंड ऑफ 16 में थाईलैंड के Kunlavut Vitidsarn से भिड़ेंगे। कुनलावुत ने राउंड ऑफ 32 में इजरायल के डेनियल डुबोवेंको को सीधे गेमों में हराकर अगले दौर में जगह बनाई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News