विनोद कांबली की पेंशन हुई डबल, सचिन नहीं इस दिग्गज की हुई कृप्या

punjabkesari.in Tuesday, Apr 15, 2025 - 06:35 PM (IST)

मुंबई : क्रिकेट के महान खिलाड़ी सुनील गावस्कर ने अपने पुराने साथी विनोद कांबली की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है, जो लंबे समय से स्वास्थ्य और आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं। गावस्कर की 1999 में शुरू की गई चैंप्स फाउंडेशन अब कांबली को आजीवन हर महीने 30,000 रुपए की आर्थिक सहायता देगी। यह मदद 1 अप्रैल 2025 से लागू हो चुकी है। साथ ही, फाउंडेशन कांबली के चिकित्सा खर्चों के लिए हर साल 30,000 रुपए का अतिरिक्त समर्थन भी देगी।


53 साल के कांबली जिन्होंने भारत के लिए 17 टेस्ट और 104 वनडे खेले, हाल के वर्षों में मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। दिसंबर 2024 में ठाणे के अकृति हेल्थ सिटी हॉस्पिटल में उन्हें यूरिनरी इन्फेक्शन और मांसपेशियों की ऐंठन के इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। आर्थिक रूप से कमजोर कांबली को बीसीसीआई से 30,000 रुपए की मासिक पेंशन मिलती है और एक राजनीतिक पार्टी ने उन्हें एकमुश्त 5 लाख रुपए की मदद दी थी। गावस्कर की इस सहायता के बाद उनकी मासिक आय अब 60,000 रुपए हो जाएगी, जिससे उनकी जिंदगी में कुछ राहत आएगी।

 

बीसीसीआई, पेंशन, विनोद कांबली, सुनील गावस्कर, BCCI, pension, Vinod Kambli, Sunil Gavaskar, cricket news, sports


यह सहायता वानखेड़े स्टेडियम के 50वें सालगिरह समारोह के दौरान शुरू हुई, जब कांबली ने गावस्कर के सामने भावुक होकर उनके पैर छुए। यह क्षण सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। अगले दिन गावस्कर ने कांबली के डॉक्टर शैलेश ठाकुर से मुलाकात की और उनकी हालत समझने के बाद फाउंडेशन को तुरंत मदद शुरू करने का आदेश दिया।


कांबली की पत्नी एंड्रिया हेविट ने एक वीडियो संदेश में कहा कि सुनील गावस्कर का इस मदद के लिए दिल से धन्यवाद। क्रिकेट जगत ने भी गावस्कर की इस पहल की सराहना की है। सोशल मीडिया पर पर लोगों ने इसे “बेहद सराहनीय” और “प्रेरणादायक” बताया। गावस्कर ने इससे पहले भी इस फाउंडेशन के जरिए क्रिकेटर सलीम दुरानी की सहायता की थी।


कांबली, जो कभी सचिन तेंदुलकर के बचपन के दोस्त और लगातार 2 टेस्ट डबल सेंचुरी बनाने वाले प्रतिभाशाली बल्लेबाज के रूप में पहचाने जाते थे, रिटायरमेंट के बाद कोचिंग, टीवी और राजनीति में असफल रहे। यह आर्थिक मदद उनके लिए एक नई शुरुआत हो सकती है, जिससे वे अपने स्वास्थ्य और जीवन को बेहतर बना सकें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Jasmeet

Related News