पत्नी से तलाक की बातों के बीच वीरेंद्र सहवाग पर टूटा दुखों का पहाड़, भाई गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Mar 08, 2025 - 01:12 PM (IST)

नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के दिन अच्छे नहीं चल रहे हैं। बीते कुछ महीनों से उनकी पत्नी के साथ रिश्ते में अनबन की खबरें सामने आ रही थीं। यह अभी खत्म नहीं हुई कि सहवाग के भाई को चंडीगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सहवाग का भाई विनोद सहवाग को स्थानीय अदालत ने फिलहाल न्यायिक हिरासत में भेजा है। मामला 7 करोड़ रुपए  के चेक बाउंस का बताया जा रहा है जोकि जल्टा फूड एंड बेवरेज कंपनी से जुड़ा है। कंपनी के निदेशक विनोद सहवाग, विष्णु मित्तल और सुधीर मल्होत्रा पर नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट के तहत आरोप लगाए गए हैं।

 


हिमाचल प्रदेश के बद्दी में श्री नैना प्लास्टिक फैक्ट्री के मालिक कृष्ण मोहन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि दिल्ली की जल्टा फूड एंड बेवरेज कंपनी ने उनकी फैक्ट्री से सामान खरीदा था। सहवाग की कंपनी ने भुगतान के लिए 7 करोड़ रुपए का चेक जारी किया। उन्होंने चेक मनीमाजरा स्थित ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स में लगाया तो यह बाऊंस हो गया। उक्त मामले में शिकायत दर्ज करवाई गई। अदालत ने 2022 में तीनों को भगोड़ा घोषित कर दिया और सुनवाई के लिए उपस्थित नहीं होने पर सितंबर 2023 में पुलिस मामला दर्ज करने का आदेश दिया। विनोद सहवाग ने जमानत याचिका दायर की है, जिसकी सुनवाई 10 मार्च को है। उन पर कम से कम 174 चेक बाउंस के मामले दर्ज हैं। उन्होंने 138 मामलों में जमानत याचिका दायर की है।

 


बता दें कि सहवाग पर चौतरफा मुसीबतें आ गई हैं। बीते दिनों ही उनकी वैवाहिक कठिनाइयों का संकेत देने वाली रिपोर्टें सामने आई थी। जोड़े ने इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे को अनफॉलो कर दिया जिसके बाद अलगाव की अटकलें तेज हो गईं। फैंस ने पाया कि सहवाग की दीवाली पर डाली गई पोस्ट में आरती नहीं थी। सहवाग सिर्फ अपने बेटों और मां के साथ दिखे थे। तभी पता चला कि दोनों कई महीनों से अलग रह रहे हैं, तलाक की अफवाहें फैल रही हैं, हालांकि दोनों पक्षों की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Jasmeet

Related News