जब मैदान पर आता हूं तो मैं अपना अहंकार होटल के कमरे में ही छोड़ देता हूं : जडेजा
punjabkesari.in Thursday, Apr 23, 2026 - 04:17 PM (IST)
नई दिल्ली : रविंद्र जडेजा ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मौजूदा सत्र में राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलते हुए विभिन्न कारणों से अधिकतर मैचों में अपने कोटे के चार ओवर पूरे नहीं किए हैं लेकिन उन्हें इस बात का कोई शिकवा नहीं है और उनका कहना है कि वह ''मैदान पर आने से पहले अपना अहंकार होटल के कमरे में छोड़ देते हैं।'
जडेजा ने बुधवार को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ अपनी टीम को 40 रन से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इससे पहले कुछ मैचों में अपने कोटे के चार ओवर पूरे न कर पाने के बारे में जडेजा ने जियोहॉटस्टार से कहा, 'जब मैं मैदान पर आता हूं, तो मैं अपना अहंकार होटल के कमरे में ही छोड़ देता हूं। मैं केवल इस बारे में सोचता हूं कि टीम मुझसे जिस तरह की भी अपेक्षा करेगी मैं उसे पूरी करने की कोशिश करूंगा।'
उन्होंने कहा, 'अगर इस मैच में बल्लेबाजी की बात करें तो मैं पारी के आखिर तक खेलना चाहता था क्योंकि अगर मैं 17वें या 18वें ओवर में गलत शॉट खेलकर आउट हो जाता तो हम 159 रन तक नहीं पहुंच पाते और शायद 20-25 रन कम बना पाते।' जडेजा ने 29 गेंद पर 43 रन बनाए और फिर चार ओवरों में 29 रन देकर एक विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा, 'LSG के लिए छोटा लक्ष्य हासिल करना शायद आसान होता। टी20 क्रिकेट में हर पिच, हर परिस्थिति और हर मैच की स्थिति अलग होती है, इसलिए आपको उसके अनुसार खेलना होता है।'

