IND vs PAK : भारत-पाकिस्तान महामुकाबला होगा या नहीं? किसके हाथ में आखिरी फैसला, जानें

punjabkesari.in Monday, Feb 09, 2026 - 05:57 PM (IST)

इस्लामाबाद : टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले को लेकर सस्पेंस अब अपने चरम पर है। सूत्रों के मुताबिक, इस बहुप्रतीक्षित मैच पर अंतिम फैसला अब क्रिकेट बोर्ड नहीं, बल्कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ लेंगे। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से विस्तृत ब्रीफिंग और संघीय कैबिनेट से चर्चा के बाद प्रधानमंत्री इस पर अंतिम मुहर लगाएंगे।

कैबिनेट मीटिंग में उठ सकता है IND vs PAK मैच का मुद्दा

पाकिस्तान के राजनीतिक गलियारों से जुड़े सूत्रों का कहना है कि भारत-पाकिस्तान मैच का मुद्दा इसी हफ्ते होने वाली संघीय कैबिनेट की बैठक में रखा जा सकता है। PCB पहले ही इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) से बातचीत कर चुका है, लेकिन अंतिम निर्णय प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ और कैबिनेट की सहमति के बाद ही होगा।

48 घंटे में PM से मिल सकते हैं PCB चीफ मोहसिन नक़वी

सूत्रों के अनुसार, PCB चेयरमैन और पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नक़वी अगले 48 घंटों में प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ से मुलाकात कर सकते हैं। इस बैठक में ICC की उस अपील पर चर्चा होगी, जिसमें पाकिस्तान से 15 फरवरी को श्रीलंका में भारत के खिलाफ मैच खेलने को कहा गया है। एक वरिष्ठ सूत्र ने कहा, “प्रधानमंत्री सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद ही अंतिम फैसला लेंगे।”

ICC और PCB के बीच लाहौर में अहम बैठक

यह घटनाक्रम उस बैठक के बाद सामने आया है, जिसमें ICC और PCB के शीर्ष अधिकारियों ने लाहौर में बातचीत की। रविवार को मोहसिन नक़वी ने गद्दाफी स्टेडियम में ICC के डिप्टी चेयरमैन इमरान ख्वाजा से मुलाकात की। इस बैठक में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम भी मौजूद थे।

PCB ने ICC के सामने रखीं शर्तें

सूत्रों के मुताबिक, PCB ने भारत के खिलाफ मैच खेलने के बदले ICC के सामने कुछ शर्तें रखी हैं। इनमें ICC राजस्व में बढ़ी हुई हिस्सेदारी, भारत-पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट की बहाली, ICC टूर्नामेंट्स के लिए हाइब्रिड मॉडल जारी रखना और बांग्लादेश से जुड़े मुआवज़े के मुद्दे शामिल हैं। हालांकि, PCB के कुछ अधिकारी कोलंबो में भारत के खिलाफ खेलने के पक्ष में हैं, जबकि मोहसिन नक़वी फिलहाल बॉयकॉट के रुख पर कायम बताए जा रहे हैं।

फोर्स मेज्योर का विकल्प भी टटोल चुका है पाकिस्तान

रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान ने ICC के साथ हुए समझौते में मौजूद ‘फोर्स मेज्योर’ क्लॉज को लागू करने की संभावना भी तलाशी थी। यह प्रावधान असाधारण परिस्थितियों—जैसे युद्ध, आतंकी खतरे या सरकारी निर्देश—में किसी मैच से हटने का कानूनी विकल्प देता है। हालांकि ICC यह तर्क दे सकता है कि एक ही बड़े मैच से हटना MPA की शर्तों के खिलाफ है, खासकर तब जब पाकिस्तान अपने मुकाबले पहले ही न्यूट्रल वेन्यू पर खेल रहा है।

अब फैसला क्रिकेट नहीं, सियासत करेगी

हालांकि ICC से बातचीत जारी है, लेकिन मामला अब खेल से आगे निकलकर राजनीतिक मंजूरी तक पहुंच चुका है। संघीय कैबिनेट इस मुद्दे के व्यापक असर पर चर्चा करेगी, जिसके बाद प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर अंतिम फैसला सुनाएंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News