IPL 2026 में किसके सिर सजेगी ऑरेंज और पर्पल कैप, आकाश चोपड़ा ने चुने दावेदार
punjabkesari.in Friday, Mar 27, 2026 - 02:31 PM (IST)
नई दिल्ली : पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 से पहले ऑरेंज कैप और पर्पल कैप सम्मान के लिए अपनी पसंद बताई है और इसके लिए पूरी तरह से भारतीय खिलाड़ियों को चुना है। IPL 2026 सीजन की शुरुआत शनिवार से बेंगलुरु में मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और बल्लेबाजी में मजबूत सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच एक जोरदार मुकाबले से होगी।
अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए आकाश ने युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल, जिन्होंने पहले ही एक-एक बार ऑरेंज कैप जीती है, इस सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों के तौर पर चुना। उनके साथ उन्होंने दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली को भी चुना जिन्होंने यह प्रतिष्ठित कैप दो बार जीती है। उन्हें यह भी लगता है कि अगर दिल्ली कैपिटल्स (DC) टूर्नामेंट में काफी आगे तक जाती है, तो उनके ओपनर केएल राहुल भी इस दौड़ में शामिल हो सकते हैं।
चोपड़ा ने कहा, 'सच कहूँ तो ऑरेंज कैप आम तौर पर किसी ओपनर के सिर पर ही होती है। मुझे लगता है कि यह यशस्वी जायसवाल के लिए एक जबरदस्त सीजन हो सकता है, वही जबरदस्त सीजन जिसका आप इंतज़ार कर रहे थे। इसलिए मेरा झुकाव उनकी तरफ ज़्यादा है। दूसरा खिलाड़ी शुभमन गिल हो सकता है, क्योंकि शायद वह इस समय सबसे ज़्यादा भूखा (जीतने का इच्छुक) है।'
उन्होंने आगे कहा, 'तीसरा नाम ज़ाहिर तौर पर विराट कोहली का है क्योंकि आजकल वह लंबे समय तक क्रिकेट नहीं खेलते हैं। इसलिए विराट कोहली ऑरेंज कैप के विजेता बन सकते हैं। मुझे लगता है और मैं उम्मीद करता हूं कि इन तीनों में से ही कोई एक यह कैप जीतेगा। अगर दिल्ली टूर्नामेंट में आगे बढ़ती है, तो यह केएल राहुल के सिर पर भी हो सकती है।'
पर्पल कैप के बारे में उन्होंने कहा कि मुंबई इंडियंस (MI) के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के वरुण चक्रवर्ती इसके लिए सबसे आगे हैं। चोपड़ा ने कहा, 'जहां तक पर्पल कैप की बात है, तो मेरे दिमाग में दो नाम आते हैं। एक हैं जसप्रीत बुमराह और दूसरे हैं वरुण चक्रवर्ती। शायद इस बार मैं जसप्रीत बुमराह को ही चुनूंगा। अगर वह फिट रहते हैं, खेलने के लिए उपलब्ध रहते हैं और पूरा सीजन खेलते हैं तो वह IPL के इस सीज़न में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन सकते हैं।'

