IND vs PAK: बहिष्कार के फैसले पर पाकिस्तान ने क्यों लिया यू-टर्न? बड़ा कारण आया सामने

punjabkesari.in Tuesday, Feb 10, 2026 - 09:51 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 के महामुकाबले को लेकर चल रहा सियासी और क्रिकेटीय ड्रामा अब एक अहम मोड़ पर पहुंच गया है। पहले भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार का ऐलान करने वाला पाकिस्तान अब अपने ही फैसले से पीछे हटता नजर आ रहा है। इस यू-टर्न के पीछे बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की सीधी अपील और आर्थिक दबाव को सबसे बड़ी वजह माना जा रहा है।

कैसे बदला पूरा समीकरण

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने लाहौर में हुई एक आपात बैठक के दौरान पाकिस्तान से औपचारिक तौर पर अनुरोध किया कि वह 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ होने वाले टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले का बहिष्कार न करे। यह मैच श्रीलंका के कोलंबो स्थित आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाना तय है। यह अपील उस पहले के फैसले के बिल्कुल उलट मानी जा रही है, जब पाकिस्तान ने बांग्लादेश के समर्थन में भारत के खिलाफ मैच न खेलने का ऐलान किया था।

कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद

विवाद की शुरुआत तब हुई जब बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत की यात्रा से इनकार कर दिया। इसके बाद आईसीसी ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल कर लिया।

इस फैसले से नाराज़ होकर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ ने टीम को टी20 वर्ल्ड कप में खेलने की अनुमति दी, लेकिन 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले से दूर रहने का निर्देश दिया।

आर्थिक दबाव बना U-Turn की वजह

आईसीसी उपाध्यक्ष इमरान ख्वाजा और पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नक़वी के साथ हुई बातचीत में BCB अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम ने पाकिस्तान के समर्थन के लिए आभार जताया, लेकिन साथ ही मैच खेलने की अपील भी की।

BCB द्वारा जारी बयान में अमीनुल इस्लाम ने कहा, 'इस कठिन समय में बांग्लादेश के समर्थन के लिए पाकिस्तान के प्रयासों से हम बेहद प्रभावित हैं। हमारी भाईचारा भावना बनी रहे।'

उन्होंने आगे कहा, 'हालिया चर्चाओं और इसके संभावित नतीजों को देखते हुए मैं पाकिस्तान से अनुरोध करता हूं कि पूरे क्रिकेट इकोसिस्टम के हित में 15 फरवरी को भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मैच खेला जाए।'

दरअसल, भारत-पाकिस्तान मुकाबला आईसीसी टूर्नामेंट्स का सबसे ज्यादा कमाई करने वाला मैच माना जाता है। ऐसे में इसके रद्द होने से बांग्लादेश जैसे बोर्ड, जो आईसीसी की फंडिंग पर काफी निर्भर हैं, को भारी आर्थिक नुकसान हो सकता है।

क्रिकेट और कमाई- दोनों को राहत

भारत–पाकिस्तान मुकाबला सिर्फ क्रिकेट नहीं, बल्कि दुनिया का सबसे बड़ा रेवेन्यू जनरेटिंग मैच भी माना जाता है। इसके रद्द होने की स्थिति में आईसीसी, ब्रॉडकास्टर्स और सदस्य बोर्डों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता। अब मुकाबला तय कार्यक्रम के अनुसार होने से न सिर्फ टूर्नामेंट को स्थिरता मिली है, बल्कि पूरे क्रिकेट इकोसिस्टम ने भी राहत की सांस ली है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News