IND vs ENG: क्या दूसरे टी20 में होगा वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू? इंस्टाग्राम स्टोरी से बढ़ी अटकलें
punjabkesari.in Saturday, Jul 04, 2026 - 01:13 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : भारत के 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले से पहले सोशल मीडिया पर एक ऐसी पोस्ट साझा की है, जिसने उनके अंतरराष्ट्रीय डेब्यू को लेकर अटकलों का बाजार गर्म कर दिया है। वैभव ने भारतीय टीम की जर्सी में अपनी तस्वीर साझा करते हुए कैप्शन में 'New Chapter' लिखा, जिसके बाद माना जा रहा है कि वह दूसरे टी20 में भारत के लिए पहला मुकाबला खेल सकते हैं।
आयरलैंड सीरीज में नहीं मिला मौका
आईपीएल 2026 में ऐतिहासिक प्रदर्शन के बाद वैभव को पहली बार भारत की टी20 टीम में आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए चुना गया था। हालांकि, उन्हें आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज में एक भी मुकाबला खेलने का मौका नहीं मिला। भारत वह सीरीज 0-2 से हार गया।
इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 में भी वैभव अंतिम एकादश का हिस्सा नहीं बने। बारिश से प्रभावित उस मुकाबले में संजू सैमसन सिर्फ एक रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में प्रशंसकों ने वैभव को मौका देने की मांग उठाई।
दूसरे टी20 में मिल सकता है मौका?
अब वैभव की इंस्टाग्राम स्टोरी ने उनके डेब्यू की संभावनाओं को और हवा दे दी है। भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टी20 शनिवार, 4 जुलाई को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेला जाएगा। ऐसे में सभी की नजरें भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन पर रहेंगी कि क्या युवा बल्लेबाज को आखिरकार डेब्यू कैप मिलती है या नहीं।
आईपीएल 2026 में मचाया था धमाल
बिहार के समस्तीपुर से आने वाले वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 16 मैचों में 48.50 की औसत और 237.30 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और चार अर्धशतक निकले। शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने ऑरेंज कैप भी अपने नाम की थी।
टीम मैनेजमेंट के सामने कठिन फैसला
भारत की मौजूदा टी20 टीम में अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और ईशान किशन जैसे बल्लेबाज पहले से मौजूद हैं। ऐसे में टीम मैनेजमेंट के लिए वैभव को अंतिम एकादश में जगह देना आसान नहीं होगा। हालांकि, उनकी हालिया सोशल मीडिया पोस्ट ने यह संकेत जरूर दिया है कि उनके करियर का नया अध्याय जल्द शुरू हो सकता है।

