रोहित-कोहली पर भड़के योगराज सिंह का विवादित बयान, खिलाड़ियों की पत्नियां बनती हैं रिटायरमेंट की वजह

punjabkesari.in Saturday, Mar 28, 2026 - 06:15 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : अपने विवादित और बेबाक बयानों के लिए जाने जाते भारत के पूर्व क्रिकेटर और युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह ने भारतीय क्रिकेट में खिलाड़ियों के लंबे समय तक टिकने और उनकी प्रासंगिकता को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है। उन्होंने रिटायरमेंट को लेकर बढ़ती चर्चाओं के बीच विराट कोहली और रोहित शर्मा पर तीखा तंज कसते हुए विवादित बयान दे दिया है। इसमें उन्होंने क्रिकेटरों की पत्नियों को भी घसीटा और कहा कि खिलाड़ियों की पत्नियां रिटायरमेंट की वजह बनती हैं।

2024 वर्ल्ड कप में भारत की जीत के बाद T20I से हटने और पिछले साल टेस्ट क्रिकेट से रिटायर होने के बाद कोहली और रोहित दोनों अब सिर्फ एक ही फॉर्मेट में खेल रहे हैं। ऐसे में IPL 2026 की शुरुआत के साथ ही उनके भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालाकि, योगराज ने अपने जाने-पहचाने बेबाक अंदाज में ऐसी बातों को सिरे से खारिज कर दिया और खिलाड़ियों से कहा कि वे अपनी परफॉर्मेंस से जवाब दें।

योगराज सिंह ने 'इनसाइड स्पोर्ट्स' के साथ एक इंटरव्यू में कहा, 'मैंने भारत में लोगों को यह कहते हुए देखा है कि '40 साल के होने के बाद हम बूढ़े हो रहे हैं।' 30 साल की उम्र में पहुंचते ही महिलाएं अपनी फिटनेस पर ध्यान देना छोड़ देती हैं, यह कहते हुए कि हमारे बच्चे बड़े हो गए हैं। हम क्या कर सकते हैं? मैंने अपने जिम में, जहां मैं डायरेक्टर हूं, यह रूटीन शुरू किया और जान-बूझकर यह फैसला किया कि मैं बुज़ुर्गों को फिट करूंगा। कोई खेल खेलने का उम्र से क्या लेना-देना हो सकता है?' 

उन्होंने आगे कहा, 'आप जानते हैं क्या होता है, घर की औरतें, आपकी पत्नियां, वे आपको सलाह देना शुरू कर देती हैं, कहती हैं कि अब रिटायर होने का समय आ गया है, परिवार और बच्चों की देखभाल करने का समय आ गया है। इसलिए मेरा मानना ​​है कि महिलाओं को किसी एथलीट के शानदार भविष्य के बीच नहीं आना चाहिए, फकीर और खिलाड़ी—इन दोनों का कोई धर्म नहीं होता, कोई वर्ग नहीं होता, वे ईश्वर के होते हैं। जब तक वे जीवित हैं, वे बहुत कुछ कर सकते हैं।' 

योगराज सिंह ने कहा, 'रोहित शर्मा और विराट कोहली युवा क्रिकेटर हैं और वे खेल छोड़ना चाहते हैं। उनकी जिंदगी पर लानत है। दुनिया को यह एहसास दिलाओ कि तुम सबसे बेहतरीन हो, तुम्हारे बिना काम नहीं चल सकता। भले ही तुम पचास साल के हो जाओ और फिर भी दोहरा शतक बना रहे हो, तो भी कोई तुम्हें टीम से बाहर नहीं करेगा। इस देश में उम्र का यह फैक्टर बहुत ही मजेदार है।' 

दिलचस्प बात यह है कि योगराज, जो पहले अक्सर धोनी की आलोचना करते रहे हैं, खासकर अपने बेटे युवराज सिंह के करियर को लेकर, इस बार उन्होंने भारत के पूर्व कप्तान की सिर्फ तारीफ ही की। उन्होंने धोनी के रिटायरमेंट की मांग का जोरदार विरोध किया और उनका समर्थन करते हुए कहा कि उन्हें अभी कई सालों तक खेलते रहना चाहिए।

योगराज ने कहा, 'वह (धोनी) अभी भी खेल रहे हैं और उन्हें अगले 10 सालों तक ऐसे ही खेलते रहना चाहिए। क्योंकि उन्होंने सही अनुशासन और लगन से अपनी फिटनेस साबित की है। मैं आज भी उनके हाथों की मजबूती (forearm) देखता हूं—क्या जबरदस्त इंसान हैं! लोग होते कौन हैं उन्हें रिटायर होने के लिए कहने वाले? बिल्कुल नहीं। जहां तक क्रिकेट की बात है, तो मैं उन्हें सलाम करता हूं।' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News