''तू तो बूस्ट ही पिएगा ना'', जब अर्जुन तेंदुलकर को टीम के साथी ने मारा ताना

punjabkesari.in Friday, Apr 03, 2026 - 08:24 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 तेज गेंदबाज अर्जुन तेंदुलकर के लिए 'करो या मरो' वाला सीजन साबित हो सकता है, जो इस लीग में अपनी अलग पहचान बनाने के लिए बेताब हैं। अपने पिता और गॉड ऑफ क्रिकेट सचिन तेंदुलकर की विरासत को आगे बढ़ाते हुए अर्जुन अभी तक IPL में कोई यादगार छाप नहीं छोड़ पाए हैं। घरेलू क्रिकेट में मुंबई से गोवा जाने के बाद इस बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने कई मैच जिताने वाली गेंदबाजी की है। हालांकि, एक बात जो उन्हें लगातार परेशान करती है, वह है अपने 'कम्फर्ट जोन' में फंसे रहना। IPL में लखनऊ सुपर जायंट्स की तरफ से खेलने वाले अर्जुन 2026 सीजन से पहले शुभंकर मिश्रा के पॉडकास्ट पर आए थे। बातचीत के दौरान उन्होंने घरेलू क्रिकेट में गोवा के लिए खेलने के उनके अनुभव के बारे में पूछा गया। 

सवाल का जवाब देते हुए अर्जुन ने कहा, 'मैं कम्फर्ट जोन से बाहर नहीं निकला हूं। यहां भी मुझे मजा आ रहा है।' 'द इंडियन एक्सप्रेस' के अनुसार एक बार अर्जुन को उनके एक टीम के साथी ने उनके पिता सचिन तेंदुलकर वाले एक मशहूर विज्ञापन को लेकर ट्रोल किया था। यह घटना 2016 में कांगा लीग के एक मैच की है, जब अर्जुन आउट होने के बाद अपने टीम के साथियों के साथ जमीन पर बैठे हुए थे। जब खिलाड़ियों के बीच चाय बांटी जा रही थी, तो उनमें से एक ने अर्जुन को एक कप चाय दी। जब इस तेज गेंदबाज ने मना कर दिया, तो उस टीम के साथी ने उनका मजाक उड़ाते हुए कहा, 'हां-हां, तू तो बूस्ट ही पिएगा ना?'

गौर हो कि सचिन तेंदुलकर एक माल्टेड दूध वाले ड्रिंक 'बूस्ट' के टीवी विज्ञापन में नज़र आए थे, जो पूरे देश के किशोरों के बीच काफी मशहूर हुआ था। अर्जुन से यह भी पूछा गया कि क्या सचिन तेंदुलकर का बेटा होने के नाते उन्हें उम्मीदों का बोझ महसूस होता है। जवाब में अर्जुन ने कहा कि उनका ध्यान बाहर की बातों पर ध्यान देने के बजाय अपने खेल का मजा लेने पर रहता है। उन्होंने कहा, 'मैं क्रिकेट जुनून की वजह से खेलता हूं, किसी को कुछ साबित करने के लिए नहीं। मैं बस कड़ी मेहनत करने और अपने खेल का आनंद लेने की प्रक्रिया पर ध्यान देता हूं।' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News