IPL में 500 से ज़्यादा रन बनाने वाले अय्यर को लेकर फिंच ने पूछा- इतने शानदार प्लेयर को टीम इंडिया में जगह क्यों नहीं?
punjabkesari.in Friday, Apr 17, 2026 - 03:15 PM (IST)
Sports: श्रेयस अय्यर ने IPL 2026 में अपनी पिछली तीन पारियों में 50, नाबाद 69 और 66 रन बनाए हैं। यह उन कारणों में से एक हैं, जिसकी वजह से पंजाब किंग्स इस समय चार जीत और एक वॉशआउट के साथ अंक तालिका में टाॅप पर है। उनकी हालिया शानदार पारी के बाद आरोन फिंच के पास उनकी तारीफ़ के लिए शब्द कम पड़ गए।
पंजाब की Mumbai Indians पर जीत के बाद फिंच ने ESPN Cricinfo के टाइमआउट शो में कहा, 'उन्हें खेलते देखकर हैरानी होती है कि वह कितने अच्छे हैं। उन्होंने पिछले और अभी के आईपीएल के बीच कोई T20 मैच नहीं खेला और फिर भी उन्होंने शुरुआत से ही धमाकेदार प्रदर्शन किया है। उनकी कप्तानी शानदार है। यह देखकर हैरानी होती है कि वह भारत के लिए और ज़्यादा क्रिकेट क्यों नहीं खेलते। 'वह बेहतरीन खिलाड़ी हैं और देखने में भी बहुत अच्छे लगते हैं। वह गेंद को ज़ोर से मारने की कोशिश नहीं करते। विकेट के दोनों तरफ़ खेलते हैं, फ्रंट फ़ुट और बैक फ़ुट दोनों पर शानदार हैं। अब उन्होंने अपने खेल के उस हिस्से को काफ़ी सुधार लिया है। जहां पहले लगता था कि शॉर्ट गेंद पर उन्हें रोका जा सकता है या आउट किया जा सकता है, अब वह उसे भी नियंत्रण के साथ खेलते हैं।'
अय्यर को टीम में होना चाहिए
फिंच के साथ बैठे पीयूष चावला मानते हैं कि अय्यर को टीम में होना चाहिए। चावला ने कहा, 'मेरे हिसाब से अगर मैं चयनकर्ता होता, तो वह सीधे टीम में आते। वह मध्य क्रम के बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक हैं। उनके पास क्रिकेटिंग दिमाग़ है, वह टीम को लीड भी कर सकते हैं। भविष्य के लिए देखें तो वह ज़रूर टीम में जगह बनाते हैं।'
22 बल्लेबाज़ों में श्रेयस अय्यर का स्ट्राइक रेट तीसरा सबसे ज़्यादा
2025 की शुरुआत से IPL में 500 से ज़्यादा रन बनाने वाले 22 बल्लेबाज़ों में उनका स्ट्राइक रेट तीसरा सबसे ज़्यादा है। अभिषेक शर्मा और उनके टीममेट प्रियांश आर्य उनसे ऊपर हैं। इस दौरान उनका औसत भी तीसरा सबसे बेहतर है। विराट कोहली और जॉस बटलर उनसे ऊपर हैं। इन दो सीजन में अब तक सिर्फ चार बल्लेबाज़ों ने उनसे ज़्यादा रन बनाए हैं। पंजाब के स्पिन गेंदबाज़ी कोच साईराज बहुतुले ने मैच के बाद कहा, 'समय के साथ उन्होंने अपने खेल को बहुत अच्छी तरह समझा है।
वह इस पर काफ़ी मेहनत करते हैं कि उनके लिए क्या काम कर रहा है और क्या नहीं। किन गेंदबाज़ों को वह निशाना बना सकते हैं। हर किसी के पास उनके खिलाफ शॉर्ट गेंद डालने की योजना होती है। लेकिन वह इतने समझदार हो गए हैं कि उन्हें पता होता है कि गेंदबाज कब ऐसा करेगा और उसकी योजना क्या है। वह इसके लिए पूरी तरह तैयार रहते हैं। इसलिए उनकी समझ के साथ-साथ उनकी एग्जिक्यूशन भी बहुत बेहतर हो गई है।'
पंजाब की हालिया सफलता का एक हिस्सा उनके चेज को सही तरीके से प्लान करने की क्षमता भी है। सभी T20 और T20 लीग क्रिकेट में उनके नाम 200 से ज़्यादा रन के लक्ष्य का सबसे ज़्यादा 10 बार सफलतापूर्वक पीछा करने का रिकॉर्ड है। दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया है, जिसने यह काम सात बार किया है। पंजाब के इनमें से तीन चेज़ तब आए, जब IPL 2025 से अय्यर टीम के कप्तान बने। इस सीजन में ऐसा दो बार हो चुका है। गुरुवार को पंजाब ने 196 रन का लक्ष्य 21 गेंद बाक़ी रहते हासिल कर लिया। बहुतुले ने कहा, 'अय्यर के पास काफ़ी स्पष्टता है और वह मैच की स्थिति को अच्छे से समझते हैं।
वह कोशिश करते हैं कि मैच को आख़रि तक ले जाएं। 200 रन के लक्ष्य का पीछा करना आसान नहीं होता, लेकिन हमने इसे लगातार 10-11 बार किया है। वह स्थिति के हिसाब से खेलते हैं, आक्रामक शॉट्स भी लगाते हैं और अगर विकेट गिरता है तो साझेदारी बनाकर मैच को आगे ले जाते हैं।' इन सब बातों के बाद एक बार फिर उनकी राष्ट्रीय टीम में जगह को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
आरोन फिंच ने कहा, 'आप देखिए भारत की बेंच स्ट्रेंथ कितनी मज़बूत है। शायद हम उनकी मौज़ूदा टीम को नहीं हरा पाएंगे। शायद उनकी दूसरी टीम को भी नहीं और शायद तीसरी को भी नहीं। भारतीय क्रिकेट में ख़ासकर बल्लेबाज़ी में गहराई बहुत ज़्यादा है।' लेकिन भारत ने हाल ही में लगातार दूसरी बार T20 world cup जीता है।
ऐसे में अय्यर किसकी जगह आएंगे?
उन्होंने कहा, 'यही सबसे मुश्किल बात है। आपको मौजूदा खिलाड़ियों का सम्मान करना होगा। उन्होंने विश्व कप जीता है,' फिंच ने कहा, 'यह इतना आसान नहीं है कि कोई अच्छे फ़ॉर्म में है तो उसे तुरंत टीम में ले आएं। यह उन खिलाड़यिों के लिए दुर्भाग्यपूर्ण समय है जो बाहर हैं। लेकिन अगला T20 विश्व कप ऑस्ट्रेलिया में है और उसमें अभी काफ़ी समय है। वहां की परिस्थितियां अलग होंगी। इसलिए ऐसे खिलाड़यिों की ज़रूरत होगी, जो दुनिया भर में अच्छा खेल सकें, ख़ासकर उछाल वाली पिचों पर। श्रेयस उस श्रेणी में ज़रूर आते हैं।'

