21 छक्के, 195 रन! IPL 2026 से पहले RCB के पूर्व खिलाड़ी का बड़ा धमाका

punjabkesari.in Monday, Mar 23, 2026 - 09:55 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 से पहले RCB के पूर्व बल्लेबाज स्वास्तिक चिकारा ने अयोध्या प्रीमियर लीग में विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 69 गेंदों में 195 रन ठोक दिए। उनकी इस पारी में 21 छक्के और 11 चौके शामिल रहे। चिकारा ने गोमती थंडर की ओर से खेलते हुए हिंडन टाइटंस के खिलाफ यह रिकॉर्डतोड़ पारी खेली।

ओपनिंग जोड़ी ने बनाए 307 रन

स्वास्तिक चिकारा और उनके ओपनिंग पार्टनर प्रियांशु पांडे ने पूरे 20 ओवर बल्लेबाजी करते हुए टीम को 307 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचाया। प्रियांशु पांडे ने 54 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए, लेकिन मैच में असली जलवा चिकारा का ही रहा।

डबल सेंचुरी से चूके चिकारा

पारी के आखिरी ओवर में चिकारा के पास दोहरा शतक बनाने का मौका था। उन्हें 27 रन चाहिए थे और उन्होंने 3 छक्के और 1 चौका भी लगाया, लेकिन वह 195 रन पर ही रुक गए। उनकी पारी में सिर्फ छक्कों से ही 126 रन आए।

गोमती थंडर की बड़ी जीत

307 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए हिंडन टाइटंस की टीम 218 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से शेखर सिरोही ने 33 गेंदों में 68 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला। गोमती थंडर की ओर से रितिक श्रीवास्तव और अरविंद्र वर्मा ने 3-3 विकेट लिए, जबकि आतिफ साजिद ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 2/13 विकेट लिए।

सहवाग को मानते हैं अपना गुरु

स्वास्तिक चिकारा खुद को वीरेंद्र सहवाग की बल्लेबाजी शैली का फॉलोअर बताते हैं। उन्होंने 2024 यूपी टी20 लीग में मेरठ मैवरिक्स के लिए खेलते हुए 499 रन बनाए थे और 186 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 47 छक्के लगाए थे।

IPL में मिला मौका, फिर हुए रिलीज

यूपी टी20 लीग में शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए उत्तर प्रदेश टीम में चुना गया, लेकिन वहां वह सिर्फ 4 मैचों में 15 रन ही बना सके। इसके बावजूद IPL 2025 में दिल्ली कैपिटल्स और RCB के बीच उन्हें लेकर बोली लगी और RCB ने उन्हें टीम में शामिल किया। हालांकि, उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। IPL 2026 ऑक्शन से पहले RCB ने उन्हें रिलीज कर दिया और ऑक्शन में भी कोई खरीदार नहीं मिला।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News