''आप'' हरभजन को भेजेगी राज्यसभा, जालंधर स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की जिम्मेदारी मिलेगी

punjabkesari.in Wednesday, Mar 16, 2022 - 10:28 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह को पंजाब सरकार बड़ा पद सौंप सकती है। सूत्रों के मुताबिक आम आदमी पार्टी हरभजन सिंह को राज्यसभा में भेज सकती है। पंजाब में बनी आम आदमी पार्टी सरकार हरभजन सिंह को खेल विश्वविद्यालय की कमान भी दे सकती है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जालंधर में खेल विश्वविद्यालय स्थापित करने का वादा किया है।

ये भी पढ़े - हरभजन सिंह को स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का चार्ज मिलते ही पंजाब के खेल जगत को होंगे यह 4 फायदे

आम आदमी पार्टी की जीत पर हरभजन सिंह ने भगवंत मान को ट्विटर पर बधाई दी थी। हरभजन ने ट्वीट करते हुए कहा लिखा था कि मेरे दोस्त भगवंत मान पंजाब के नए मुख्यमंत्री बनने पर आपको बधाई देता हूं। यह सुनकर काफी अच्छा लगा कि आप भगत सिंह गांव खटकर कलां में मुख्यमंत्री की शपथ ले रहे हैं। यह माता जी के लिए गर्व का पल है।

गौर हो कि पंजाब में पहली बार आम आदमी पार्टी ने सरकार बनाई है। आम आदमी पार्टी ने पंजाब में 117 सीटों में से 92 सीटों पर जीत हासिल की। विधानसभा चुनावों में पंजाब में आम आदमी पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। हरभजन और भगवंत मान अच्छे दोस्त भी हैं। जिस कारण भज्जी को यह पद मिल सकता है।

ऐसा रहा है हरभजन का करियर

हरभजन सिंह ने दो बार विश्वकप विजेता टीम का हिस्सा रह चुके हैं। हरभजन साल 2007 टी20 विश्वकप और 2011 में विश्वकप जीतने वाली टीम के सदस्य थे। हरभजन सिंह ने अपने करियर में 103 टेस्ट, 236 वनडे और 28 टी20 मैच खेलें हैं जिसमें उन्होंने क्रमश: 417, 269 और 25 विकेट लिए हैं।

कांग्रेस ने दिया था ऑफर

पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले हरभजन सिंह ने क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया। तब हरभजन सिंह के राजनीति में आने के आसार बढ़ गए थे। कयास लगाए जा रहे थे कि वह कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं कि क्योंकि हरभजन और नवजोत सिंह सिद्धू अच्छे मित्र हैं। पर हरभजन ने इस पर बयान देकर राजनीति में आने से इंकार कर दिया और इन सभी अफवाहों पर विराम लगा दिया।   

पंजाब में 8 सांसद हो जाएंगे 'आप' के

पंजाब से राज्यसभा के लिए अगले महीने 5 सीटे खाली हो जाएंगी। चुनाव आयोग ने इसकी तारीखों का ऐलान भी कर दिया है। 31 मार्च को मतदान होगा। उम्मीद यह लगाई जा रही है आम आदमी पार्टी के राज्यसभा मेंबरों की संख्या 3 से 8 हो सकती है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Raj chaurasiya

Recommended News

Related News