अभिषेक शर्मा T20 में बनाएंगे बड़ा रिकॉर्ड, इतिहास रचने से महज 181 रन दूर
punjabkesari.in Tuesday, Dec 09, 2025 - 02:51 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय युवा सितारे अभिषेक शर्मा इस साल टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक बड़ा मुकाम हासिल करने की दहलीज पर हैं। शानदार फॉर्म में चल रहे इस लेफ्ट-हैंडर के पास 2025 में सबसे ज्यादा T20I रन बनाने वाले बल्लेबाज बनने का सुनहरा मौका है।
ब्रायन बेनेट टॉप पर, लेकिन आगे रन नहीं जोड़ पाएंगे
जिम्बाब्वे के ब्रायन बेनेट इस समय 936 रन के साथ सूची में सबसे ऊपर हैं। हालांकि, जिम्बाब्वे की 2025 में अब कोई भी निर्धारित T20I सीरीज नहीं है, जिसका मतलब है कि बेनेट अपने रन आगे नहीं बढ़ा पाएंगे। यह स्थिति बाकी बल्लेबाजों के लिए बड़ा मौका बन गई है।
अभिषेक का दमदार सीजन – बस 181 रन और!
अभिषेक शर्मा इस साल अभी तक 17 मैचों में 756 रन बना चुके हैं। उनका स्ट्राइक रेट 196.36 रहा है, जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं। बेनेट को पछाड़कर नंबर-1 बनने के लिए अभिषेक को चाहिए— सिर्फ 181 रन। अगर भारत के बचे हुए मैचों में उनका बल्ला चलता रहा, तो वह आसानी से शीर्ष पर पहुंच सकते हैं।
IND vs SA: नए विकेट पर रोमांचक शुरुआत
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहला T20I मुकाबला कट्टक के बाराबती स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां पहली बार लाल मिट्टी की पिच इस्तेमाल की जा रही है। यह पिच घास, उछाल और बैटिंग-फ्रेंडली प्रकृति के कारण हाई-स्कोरिंग मैच देने की क्षमता रखती है। हालांकि भारत ने यहां दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए दोनों T20I मुकाबले गंवाए हैं।
सूर्यकुमार बोले– 2026 T20 WC की तैयारी शुरू
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि 2026 T20 वर्ल्ड कप की तैयारी 2024 में खिताब जीतते ही शुरू हो गई थी। भारत को अगले वर्ल्ड कप से पहले केवल 10 T20I खेलने हैं, इसलिए सही कॉम्बिनेशन और भूमिकाओं पर काम जारी है।
टीम इंडिया के लिए अहम पहलू
शुभमन गिल की वापसी के बाद उनका ओपनिंग पार्टनरशिप अभिषेक के साथ। हार्दिक पंड्या की फिटनेस और ऑलराउंडर की बड़ी भूमिका। दक्षिण अफ्रीका की मजबूत वापसी—मार्कराम की कप्तानी, डेविड मिलर और एनरिक नॉर्ट्जे का आना।

