वर्ल्ड कप जीत के बाद माता वैष्णो देवी के दरबार पहुंचे भारतीय क्रिकेटर, फाइनल में खेली थी धमाकेदार पारी
punjabkesari.in Saturday, Mar 14, 2026 - 06:01 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद टीम इंडिया के युवा ओपनर Abhishek Sharma ने शुक्रवार को Vaishno Devi Temple पहुंचकर माता वैष्णो देवी के दर्शन किए। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट से पहले उन्होंने मां से प्रार्थना की थी कि यदि भारत टी20 वर्ल्ड कप जीतता है तो वह दोबारा यहां आकर दर्शन करेंगे।
वर्ल्ड कप से पहले मांगी थी जीत की मन्नत
अभिषेक शर्मा ने कहा कि वह वर्ल्ड कप से पहले भी वैष्णो देवी के दरबार में आए थे और टीम इंडिया की जीत के लिए मन्नत मांगी थी। भारत की जीत के बाद उन्होंने माता के दरबार में माथा टेककर आभार जताया और कहा कि मां की कृपा से ही टीम को यह बड़ी सफलता मिली है।
पहले भी कई बार आ चुके हैं दर्शन के लिए
अभिषेक ने बताया कि वह पहले भी अपने परिवार के साथ कई बार वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह स्थान उनके लिए बेहद आस्था और श्रद्धा का केंद्र है और यहां आकर उन्हें मानसिक शांति मिलती है।
कटड़ा प्रीमियर लीग से भी जुड़ाव
अभिषेक शर्मा का कटड़ा की स्थानीय क्रिकेट लीग Katra Premier League से भी जुड़ाव रहा है। उन्होंने बताया कि वह पहले भी इस लीग में हिस्सा ले चुके हैं और अगर भारत में उपलब्ध रहे तो इसके अगले संस्करण में भी खेलने जरूर आएंगे।
हेलीकॉप्टर से पहुंचे वैष्णो देवी भवन
अभिषेक दोपहर में जम्मू से हेलीकॉप्टर के जरिए पंछी हेलीपैड पहुंचे। वहां से वह वैष्णो देवी भवन के लिए रवाना हुए और पवित्र गुफा में दर्शन किए। इस दौरान स्थानीय क्रिकेटर और कई प्रशंसकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
प्रशंसकों के साथ ली तस्वीरें
वैष्णो देवी भवन में अभिषेक शर्मा से मिलने के लिए कई प्रशंसक पहुंचे। उन्होंने फैंस के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और टीम इंडिया की टी20 वर्ल्ड कप जीत पर खुशी भी जाहिर की। दर्शन के बाद वह हेलीकॉप्टर से कटड़ा लौटे और वहां से कार द्वारा जम्मू के लिए रवाना हो गए।

