T20 WC : सेमीफाइनल से पहले पूर्व क्रिकेटर का बड़ा बयान, इंग्लैंड की गेंदबाजी भारत के लिए खतरा नहीं

punjabkesari.in Thursday, Mar 05, 2026 - 04:34 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल से पहले भारत और इंग्लैंड के बीच मुकाबले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। इस अहम मैच से पहले भारत के पूर्व विस्फोटक ओपनर Virender Sehwag ने इंग्लैंड की गेंदबाजी आक्रमण पर बड़ा बयान दिया है। उनका मानना है कि भारतीय बल्लेबाजी लाइनअप इतनी मजबूत है कि वह इंग्लैंड के बॉलिंग अटैक से निपट सकती है। मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में होने वाला यह मुकाबला फाइनल में जगह तय करेगा, जहां विजेता टीम का सामना न्यूजीलैंड से होगा। 

इंग्लैंड की गेंदबाजी से भारत को नहीं खतरा

क्रिकेट एक्सपर्ट्स के बीच सेमीफाइनल को लेकर अलग-अलग राय सामने आ रही हैं, लेकिन सहवाग का मानना है कि इंग्लैंड की गेंदबाजी भारतीय बल्लेबाजों को ज्यादा परेशान नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि अगर भारतीय टीम बड़े लक्ष्य का पीछा कर सकती है, तो इंग्लैंड के खिलाफ भी ऐसा करना संभव है। सहवाग ने याद दिलाया कि टीम ने हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ 195 रन का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया था। उनका मानना है कि इसी आत्मविश्वास के साथ भारत इंग्लैंड के खिलाफ भी अच्छा प्रदर्शन कर सकता है।

इंग्लैंड का गेंदबाजी आक्रमण भी मजबूत

हालांकि सहवाग ने इंग्लैंड की गेंदबाजी को बड़ा खतरा नहीं माना, लेकिन इस टूर्नामेंट में उनका बॉलिंग अटैक प्रभावशाली रहा है। तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर अपनी रफ्तार से बल्लेबाजों पर दबाव बनाते रहे हैं। वहीं डेथ ओवरों में सैम करन ने शानदार गेंदबाजी की है। इसके अलावा जैमी ओवरटन ने भी तेज गेंदबाजी से टीम को मजबूती दी है। स्पिन विभाग में आदिल राशिद और लियाम डॉसन ने कसी हुई गेंदबाजी के साथ बल्लेबाजों को बांधे रखा है। वहीं Will Jacks ने ऑलराउंड प्रदर्शन से इंग्लैंड को कई अहम मौकों पर बढ़त दिलाई है।

घरेलू मैदान का भारत को मिलेगा फायदा

सहवाग ने यह भी कहा कि भारतीय टीम को घरेलू परिस्थितियों का फायदा मिल सकता है। वानखेड़े स्टेडियम भारत के लिए एक जाना-पहचाना मैदान है, जहां टीम का रिकॉर्ड भी अच्छा रहा है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सिर्फ घरेलू मैदान पर खेलने से जीत सुनिश्चित नहीं हो जाती। जीत के लिए बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों विभागों में शानदार प्रदर्शन करना जरूरी होगा।

हाल के मैचों में भारत का शानदार प्रदर्शन

सुपर-8 चरण में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार के बाद भारतीय टीम ने शानदार वापसी की है। इसके बाद टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दमदार प्रदर्शन किया। वहीं संजू सैमसन की शानदार पारी की बदौलत भारत ने लगभग नॉकआउट जैसे मुकाबले में वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल का टिकट पक्का किया।

टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में पुरानी प्रतिद्वंद्विता

भारत और इंग्लैंड के बीच यह लगातार तीसरी बार है जब दोनों टीमें टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगी। 2022 में इंग्लैंड ने भारत को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी, जबकि 2024 में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को मात दी थी। अब 2026 के सेमीफाइनल में दोनों टीमों के बीच एक और रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है, जहां जीतने वाली टीम खिताब के एक कदम और करीब पहुंच जाएगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News