IPL 2026: ''फेयर विकेट देंगे तो मैच बोरिंग लगेगा'', फ्लैट पिच पर SRH के गेंदबाजी कोच का बयान
punjabkesari.in Thursday, Apr 30, 2026 - 12:40 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: IPL 2026 में लगातार बड़े स्कोर और रिकॉर्ड चेज देखने को मिल रहे हैं। हाल ही में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ 244 रन का लक्ष्य आसानी से हासिल किया, जिसके बाद बल्लेबाजों के अनुकूल पिचों पर सवाल उठने लगे हैं। इस मुकाबले में Jasprit Bumrah जैसे दिग्गज गेंदबाज भी महंगे साबित हुए।
मुरलीधरन का ‘बिजनेस’ वाला तर्क
SRH के गेंदबाजी कोच Muttiah Muralitharan ने इस मुद्दे पर साफ राय रखी। उन्होंने कहा कि अगर संतुलित या ‘फेयर’ विकेट दिए जाएंगे, तो दर्शकों को मैच बोरिंग लगने लगेगा। मुरलीधरन ने कहा, 'टी20 में फैंस चौके-छक्के देखना चाहते हैं। यही इस फॉर्मेट की असली पहचान है। IPL एक बड़ा बिजनेस है और अगर बड़े स्कोर नहीं होंगे, तो दर्शकों और स्पॉन्सर्स की दिलचस्पी कम हो सकती है।'
बाउंड्री बढ़ाने से नहीं होगा समाधान
मुरलीधरन ने यह भी कहा कि बाउंड्री लाइन बढ़ाने से ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा। उनका मानना है कि जब बल्लेबाज बेखौफ होकर खेल रहे हों, तो गेंदबाजों के लिए रन रोकना बेहद मुश्किल हो जाता है।
SRH ने शुरू किया आक्रामक ट्रेंड
मुरलीधरन के मुताबिक, SRH ने सबसे पहले आक्रामक बल्लेबाजी का यह ट्रेंड शुरू किया, जिसे अब बाकी टीमें भी अपना रही हैं।उन्होंने कहा कि समय के साथ गेंदबाज भी नई रणनीति अपनाएंगे और खेल में संतुलन बनाने की कोशिश करेंगे।
पावरप्ले में तेजी से बढ़ रहे रन
मुरलीधरन ने बताया कि पहले पावरप्ले में 40-50 रन अच्छा स्कोर माना जाता था, लेकिन अब यह बढ़कर 70-80 रन हो गया है।उन्होंने कहा कि आज के बल्लेबाज विकेट की चिंता किए बिना खुलकर खेलते हैं, जिससे गेंदबाजों पर दबाव और बढ़ जाता है।
SRH की शानदार फॉर्म
लगातार जीत के साथ SRH पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। टीम के गेंदबाज ईशान मलिंगा 15 विकेट के साथ पर्पल कैप अपने नाम किए हुए हैं और टीम के प्रदर्शन में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

