ऑस्ट्रेलियाई कप्तान Alyssa Healy के 3000 टी20 रन पूरे, देखें टॉप 5 लीडिंग स्कोरर की लिस्ट

punjabkesari.in Tuesday, Oct 08, 2024 - 08:52 PM (IST)

खेल डैस्क : एलिसा हीली महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय (टी20आई) में 3,000 रन का आंकड़ा पार करने वाली दूसरी ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर बन गई हैं। उन्होंने शारजाह में आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2024 के 10वें मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया के संघर्ष के दौरान यह उपलब्धि हासिल की। हीली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले में 9 रन बनाते ही यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

 

2011 में टी20ई में पदार्पण करने वाली हीली ऑस्ट्रेलिया की शीर्ष क्रम में मुख्य बल्लेबाज रही हैं। वह 2023 से ऑस्ट्रेलियाई टीम का नेतृत्व भी कर रही हैं। अपना 161वां टी20 खेलते हुए उन्होंने 3,000 रन पार कर लिए हैं, उनका औसत 25 से ज्यादा है। वह एक शतक और 17 अर्धशतक लगा चुकी है। मेग लैनिंग (3,405) एकमात्र ऑस्ट्रेलियाई हैं जिनके नाम टी20ई में हीली से अधिक रन हैं। हीली इसी के साथ महिला टी20ई में 3,000 रन पूरे करने वाली 8वीं खिलाड़ी हैं। हीली के नाम महिला टी20 क्रिकेट में सर्वाधिक स्कोर बनाने का रिकॉर्ड भी है। उन्होंने अक्टूबर 2019 में श्रीलंका के खिलाफ 148* रन बनाए थे। 

 

हीली ने अब 41 महिला टी20 विश्व कप मैचों में 27 से अधिक की औसत से 950 रन पार कर लिए हैं। हीली का 128 से अधिक का स्ट्राइक रेट विश्व कप में 300 या अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों में सबसे अधिक है। वह टूर्नामेंट में 7 बार 50 से अधिक स्कोर बना चुकी हैं। प्रतियोगिता के इतिहास में केवल न्यूजीलैंड की सुजी बेट्स (1,093), लैनिंग (992), और वेस्टइंडीज की स्टैफनी टेलर (974) ने ही अधिक रन बनाए हैं।

 

टॉप 5 लीडिंग स्कोरर (महिला टी20)

4461 रन : सूजी बेट्स, न्यूजीलैंड
3512 रन : स्मृति मंधाना, भारत
3470 रन : हरमनप्रीत कौर, भारत
3405 रन : मेघ लेनिंग, ऑस्ट्रेलिया
3386 रन : एस टेलर, विंडीज
एलिसा अब 3017 रन के साथ इस लिस्ट में 8वें स्थान पर आ गई हैं।


दोनों टीमों की प्लेइंग 11
न्यूजीलैंड महिला :
सुजी बेट्स, जॉर्जिया प्लिमर, अमेलिया केर, सोफी डिवाइन (कप्तान), ब्रुक हॉलिडे, मैडी ग्रीन, इसाबेला गेज (विकेटकीपर), रोजमेरी मैयर, फ्रान जोनास, ली ताहुहु, ईडन कार्सन।
ऑस्ट्रेलिया महिला : बेथ मूनी, एलिसा हीली (विकेटकीपर/कप्तान), जॉर्जिया वेयरहैम, एलिसे पेरी, एशले गार्डनर, फोबे लीचफील्ड, ताहलिया मैकग्राथ, एनाबेल सदरलैंड, ग्रेस हैरिस, सोफी मोलिनक्स, मेगन शुट्ट।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Jasmeet

Related News