अश्विन का बड़ा फैसला, IPL 2026 में इस नए रोल में आएंगे नजर
punjabkesari.in Saturday, Mar 28, 2026 - 12:10 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 से पहले एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भारत के अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन अब IPL में खिलाड़ी नहीं बल्कि कमेंटेटर की भूमिका में नजर आएंगे। चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व स्टार खिलाड़ी अश्विन JioStar के कमेंट्री पैनल का हिस्सा होंगे और मैच के दौरान अपनी रणनीतिक समझ और विश्लेषण से दर्शकों को खेल की गहराई समझाएंगे।
क्यों खास है अश्विन की कमेंट्री
अश्विन का कमेंट्री में आना सिर्फ एक नया रोल नहीं है, बल्कि IPL ब्रॉडकास्ट के तरीके में भी बदलाव का संकेत है। अब कमेंट्री में सिर्फ मनोरंजन नहीं बल्कि डेटा, मैच-अप, रणनीति और गेम प्लान की गहराई से चर्चा देखने को मिलेगी। अश्विन ने IPL में 221 मैच खेले हैं और 187 विकेट लिए हैं, ऐसे में उनका अनुभव कमेंट्री में काफी अहम साबित होगा।
IPL 2026 में होगा बड़ा कमेंट्री पैनल
IPL 2026 में इस बार कमेंट्री पैनल काफी बड़ा और स्टार खिलाड़ियों से भरा हुआ होगा। वीरेंद्र सहवाग, एबी डिविलियर्स, इरफान पठान, सुरेश रैना, हरभजन सिंह, फाफ डु प्लेसिस और अनिल कुंबले जैसे दिग्गज इस पैनल का हिस्सा होंगे। इसके अलावा रवि शास्त्री, सुनील गावस्कर, केविन पीटरसन और इयोन मोर्गन जैसे बड़े नाम भी कमेंट्री करते नजर आएंगे। इस बार 12 भाषाओं में 160 से ज्यादा कमेंटेटर IPL को कवर करेंगे।
IPL में अश्विन का शानदार करियर
अश्विन IPL इतिहास के सबसे सफल स्पिनरों में गिने जाते हैं। उन्होंने 221 मैचों में 187 विकेट लिए और चेन्नई सुपर किंग्स के साथ 2010 और 2011 में IPL ट्रॉफी जीती। 2011 फाइनल में RCB के खिलाफ उनका 3/16 का स्पेल आज भी IPL फाइनल के सबसे बेहतरीन स्पेल में गिना जाता है। उन्होंने पंजाब किंग्स, राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के लिए भी शानदार प्रदर्शन किया।
रोहित शर्मा को लेकर की बड़ी भविष्यवाणी
अश्विन ने मुंबई इंडियंस के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि यह रोहित शर्मा का बड़ा सीजन हो सकता है। वह फिट दिख रहे हैं, उनका दिमाग फ्रेश है और इस बार वह IPL में शानदार बल्लेबाजी करते नजर आ सकते हैं। पिछले कुछ सालों में IPL में रोहित का प्रदर्शन वैसा नहीं रहा, लेकिन इस सीजन वह जोरदार वापसी कर सकते हैं'।

