AUS v SA: डेविड वार्नर के शतक के बावजूद दक्षिण अफ्रीका जीता
punjabkesari.in Sunday, Jul 07, 2019 - 12:59 PM (IST)

मैनचेस्टर : डेविड वार्नर के शतक के बावजूद दक्षिण अफ्रीका ने कप्तान फाफ डु प्लेसिस की अगुआई में शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्व कप में अपने निराशाजनक अभियान का अंत यहां गत चैंपियन आस्ट्रेलिया के खिलाफ 10 रन की जीत के साथ किया। शनिवार को भारत की श्रीलंका पर आसान जीत के बाद आस्ट्रेलिया को अंक तालिका के शीर्ष पर जगह बनाने के लिए दिन के अन्य मैच में दक्षिण अफ्रीका को हराना था लेकिन वार्नर (117 गेंद में 122 रन) के टूर्नामेंट के तीसरे शतक और विकेटकीपर बल्लेबाज एलेक्स कैरी (69 गेंद में 85 रन) की आक्रमक पारी के बावजूद टीम लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी।
दक्षिण अफ्रीका ने टूर्नामेंट के अपने अंतिम लीग मैच में डु प्लेसिस की 94 गेंद में 100 और रेसी वान डेर दुसेन की 95 रन की करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी की बदौलत छह विकेट पर 325 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। दक्षिण अफ्रीका ने इसके बाद कागिसो रबादा (56 रन पर तीन विकेट), ड्वेन प्रिटोरियस (27 रन पर दो विकेट) और एंडिले फेहलुकवायो (22 रन पर दो विकेट) की उम्दा गेंदबाजी से आस्ट्रेलिया को 49.5 ओवर में 315 रन पर समेट दिया।
An absolute humdinger to close out the group stage of #CWC19!
— Cricket World Cup (@cricketworldcup) July 6, 2019
Tell us with an emoji how you're feeling right now! pic.twitter.com/bq8i9CLh14
आस्ट्रेलिया की टीम नौ मैचों में 14 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रही और दूसरे सेमीफाइनल में बर्मिंघम में मेजबान इंग्लैंड से भिड़ेगी। भारत पहले सेमीफाइनल में यहां मंगलवार को न्यूजीलैंड का सामना करेगा। वार्नर और कैरी के अलावा आस्ट्रेलिया का कोई बल्लेबाज टिककर नहीं खेल पाया। लक्ष्य का पीछा करते हुए आस्ट्रेलिया की टीम 24.1 ओवर में 119 रन पर चार विकेट गंवाने के बाद संकट में थी। वार्नर और कैरी ने इसके बाद पांचवें विकेट के लिए 90 गेंद में 108 रन की साझेदारी करके पारी को संभाला। इन दोनों के आउट होने के बाद हालांकि गत चैंपियन की पारी सिमट गई।
Take a bow, South Africa, for bowing out in style! #CWC19 | #AUSvSA pic.twitter.com/cf0GtP7dvX
— Cricket World Cup (@cricketworldcup) July 6, 2019
इससे पहले दक्षिण अफ्रीका को एडन मार्कराम (34) और क्विंटन डिकाक (52) की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 79 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत दिलाई। इन दोनों के आउट होने के बाद डु प्लेसिस और वान डेर दुसेन ने तीसरे विकेट के लिए 151 रन की साझेदारी करके बड़े स्कोर का मंच तैयार किया। दक्षिण अफ्रीकी कप्तान ने इस दौरान अपना 12वां शतक भी पूरा किया। उन्होंने 94 गेंद का सामना करते हुए सात चौके और दो छक्के मारे।
Lovely moments of sportsmanship as Duminy and Tahir lead South Africa off the field, for the last time in ODIs. #CWC19 | #AUSvSA pic.twitter.com/WKvQn0IYTe
— Cricket World Cup (@cricketworldcup) July 6, 2019
वान डेर दुसेन ने पैट कमिंस पर छक्के के साथ टीम का स्कोर 300 रन के पार पहुंचाया लेकिन पारी की अंतिम गेंद पर छक्का जडऩे की कोशिश में डीप मिडविकेट पर ग्लेन मैक्सवेल को कैच दे बैठे। उन्होंने अपनी पारी में चार छक्के और चार चौके मारे।