ऑस्ट्रेलिया को एक और बड़ा झटका, स्टार तेज गेंदबाज टी20 विश्व कप से बाहर
punjabkesari.in Friday, Feb 06, 2026 - 12:00 PM (IST)
मेलबर्न : अपने प्रमुख खिलाड़ियों की फिटनेस समस्याओं से जूझ रही आस्ट्रेलियाई टीम को करारा झटका लगा जब स्टार तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड (Josh Hazlewood) हैमस्ट्रिंग चोट से समय पर उबर नहीं पाने के कारण टी20 विश्व कप (T20 World Cup) से बाहर हो गए। आस्ट्रेलिया उनके विकल्प की घोषणा नहीं करेगा।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने पहले कहा था कि हेजलवुड टूर्नामेंट के बीच में या आखिर में टीम से जुड़ेंगे । टी20 विश्व कप भारत और श्रीलंका में शनिवार से शुरू हो रहा है । चयनकर्ता टोनी डोडेमेड ने कहा, 'हमें उम्मीद थी कि जोश सुपर आठ चरण तक फिट हो जायेंगे लेकिन ताजा संकेत मिले हैं कि उसे फिट होने में समय लगेगा और जल्दबाजी करना जोखिमभरा हो सकता है।' उन्होंने कहा, 'हम किसी विकल्प की तुरंत घोषणा नहीं करेंगे। बाद में जरूरत के समय देखा जाएगा।'
ग्रुप चरण में नाथन हिल्स और टिम डेविड उपलब्ध हो जाएंगे जबकि एडम जम्पा पहला मैच खेलेंगे। ऑस्ट्रेलिया का नीदरलैंड के खिलाफ अभ्यास मैच कल रात रद्द हो गया लेकिन 11 फरवरी को आयरलैंड के खिलाफ पहले मैच से पूर्व टीम के पास अभ्यास के लिए काफी समय है। ऑस्ट्रेलिया के सारे प्रारंभिक मैच कोलंबो और पाल्लेकल में होंगे। इससे पहले तेज गेंदबाज पैट कमिंस भी कमर की चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे जिनकी जगह बेन ड्वारशुइस ने ली। मिचेल स्टार्क टी20 क्रिकेट को पहले ही अलविदा कह चुके हैं।

