IPL 2026: KKR मैच से पहले SRH को राहत, स्टार तेज गेंदबाज की फिटनेस पर आया बड़ा अपडेट
punjabkesari.in Sunday, Mar 29, 2026 - 01:21 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : सनराइजर्स हैदराबाद के हेड कोच डेनियल वेट्टोरी ने तेज गेंदबाज ब्रायडन कार्स की चोट को लेकर अहम जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि कार्स को नेट्स में बल्लेबाजी के दौरान हाथ में चोट लगी थी। वेट्टोरी ने कहा, 'उन्हें गेंद लग गई थी, लेकिन कोई फ्रैक्चर नहीं है। सूजन ज्यादा थी और वह गेंद को ठीक से पकड़ नहीं पा रहे थे, इसलिए पहला मैच नहीं खेल सके।'
KKR मैच तक फिट होने की उम्मीद
वेट्टोरी ने आगे कहा, "कार्स की हालत में सुधार हो रहा है और हमें उम्मीद है कि वह कोलकाता के खिलाफ अगले मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे।" SRH के लिए यह खबर राहत भरी है, क्योंकि उनकी गेंदबाजी पहले मैच में कमजोर नजर आई थी।
RCB के खिलाफ गेंदबाजी रही कमजोर
IPL 2026 के पहले मैच में RCB के खिलाफ SRH की गेंदबाजी पूरी तरह फ्लॉप रही। 201 रन का बड़ा स्कोर बनाने के बावजूद टीम उसे डिफेंड नहीं कर पाई। Pat Cummins और ब्रायडन कार्स की गैरमौजूदगी में गेंदबाजी में धार नजर नहीं आई और बल्लेबाजों ने आसानी से रन बनाए।
गेंदबाजों ने लुटाए खूब रन
डेविड पेन, हर्षल पटेल, ईशान मलिंगा और हर्ष दुबे जैसे गेंदबाजों ने मिलकर 11 ओवर में 144 रन खर्च कर दिए। हालांकि पेन ने शुरुआत में दो विकेट लिए, लेकिन वह भी रन रोकने में सफल नहीं रहे। इसी वजह से RCB ने लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया।
बल्लेबाजी में दिखा दम
हालांकि SRH की बल्लेबाजी मजबूत रही। Ishan Kishan ने 38 गेंदों में 80 रन की शानदार पारी खेली, जबकि अनिकेत वर्मा ने तेज 43 रन बनाकर टीम को 201/9 तक पहुंचाया। लेकिन गेंदबाजों के खराब प्रदर्शन के चलते यह स्कोर भी टीम के काम नहीं आ सका।
प्लेइंग 11 में हो सकता है बदलाव
अगर ब्रायडन कार्स KKR के खिलाफ मैच के लिए फिट होते हैं, तो SRH अपनी प्लेइंग 11 में बदलाव कर सकती है। ऐसे में डेविड पेन या ईशान मलिंगा में से किसी एक को बाहर बैठना पड़ सकता है। वहीं, Pat Cummins की वापसी को लेकर अभी कोई अपडेट नहीं है।
कब और कहां होगा अगला मैच
सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच अगला मुकाबला 2 अप्रैल को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा। टीम को उम्मीद होगी कि कार्स की वापसी से गेंदबाजी में मजबूती आएगी और सीजन में बेहतर प्रदर्शन देखने को मिलेगा।

