IPL 2026 : प्लेऑफ की आखिरी उम्मीद के लिए KKR के खिलाफ उतरेंगे दिल्ली कैपिटल्स
punjabkesari.in Thursday, May 07, 2026 - 06:41 PM (IST)
नई दिल्ली : IPL में शुक्रवार को कोलकाता नाइट राइट राइडर्स (KKR) का मुकाबला दिल्ली में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के साथ होगा। 10 मैचों में सिर्फ चार जीत के साथ मेजबान DC प्लेऑफ की दौड़ में बहुत पीछे छूट गई है और यह मुकाबला उसके लिए प्लेऑफ की आखिरी उम्मीद है। हालांकि प्लेऑफ के लिए उसे अपने सभी बचे चारों मैच जीतने होंगे। वहीं KKR को भी 9 मैचों में सिर्फ तीन जीत मिली है, लेकिन ये तीनों जीत पिछले तीन मैचों में आई है और वे अच्छे फॉर्म व बढ़े हुए आत्मविश्वास के साथ इस मैच में प्रवेश करेंगे।
दोनों टीमों के बीच अब तक 34 मैच हुए हैं जिसमें KKR को 19 और DC को 15 मैचों में जीत मिली है। वहीं दिल्ली में दोनों के बीच हुए अब तक 11 मुकाबलों में भी DC को 5 जबकि KKR को 6 मुकाबलों में जीत मिली है। 2024 से अभी तक DC, KKR को एक भी मैच में नहीं हरा पाई है, तो क्या DC इस सिलसिले को तोड़ पाएगी?
केएल राहुल पर बहुत ज़्यादा निर्भर है डीसी की बल्लेबाजी
केएल राहुल आईपीएल 2026 में शानदार फॉर्म में हैं और 10 पारियों में 49.4 की औसत और 181 के स्ट्राइक रेट से तीन अर्धशतक और एक शतक के साथ 445 रन बना चुके हैं। लेकिन DC के लिए मुश्किल बात यह है कि उनके अन्य बल्लेबाज फॉर्म या निरंतरता की कमी से जूझ रहे हैं। राहुल ने DC के अकेले 26 फीसदी रन बनाए हैं और इस दौरान बीच के ओवरों में उनका स्ट्राइक रेट बहुत शानदार रहा है। 7 से 16 ओवरों के बीच राहुल ने 211 के स्ट्राइक रेट से 249 रन बनाए हैं और हर तीसरी गेंद पर बाउंड्री लगा रहे हैं। बीच के ओवरों में उनका स्ट्राइक रेट सिर्फ रजत पाटीदार (217) से कम है, जबकि उनके बाद इशान किशन (190) का नंबर आता है।
केकेआर के खिलाफ भी राहुल का रिकॉर्ड शानदार रहा है और उन्होंने इस टीम के खिलाफ 16 पारियों में 37.3 की औसत और छह अर्धशतकों के साथ 522 रन बनाए हैं। ऐसे में डीसी निश्चित रूप से चाहेगी कि उनका फॉर्म बरकरार रहे, लेकिन अन्य बल्लेबाज भी फॉर्म में आ जाएं।
वरूण चक्रवर्ती हो सकते हैं DC बल्लेबाजों के लिए प्रमुख खतरा
IPL की शुरुआत में खराब फॉर्म से जूझ रहे वरूण चक्रवर्ती की फ़ॉर्म वापसी हो चुकी है और उन्होंने पिछली चार पारियों में 10 विकेट लिए हैं। उनकी फॉर्म वापसी का मतलब है कि KKR की भी फॉर्म वापसी हो चुकी है और उन्होंने इन चार में से तीन मुक़ाबले जीते हैं। इस मैच में भी वरूण का फॉर्म बरकरार रह सकता है। डेविड मिलर को वह चार, जबकि ट्रिस्टन स्टब्स को वह दो बार आउट कर चुके हैं, वहीं केएल राहुल भी उनका एक बार शिकार हो चुके हैं। अक्षर उन पर सिर्फ 50, जबकि राहुल उन पर सिर्फ 102 के स्ट्राइक रेट से रन बना पाते हैं।
क्या फिन ऐलन का फॉर्म वापस आएगा?
फिन ऐलन टी20 विश्व कप के अच्छे फॉर्म के साथ IPL में आए थे, लेकिन 6 पारियों में वह एक भी बार 40 का आंकड़ा नहीं पार कर पाए हैं, जबकि तीन बार दहाई के अंक तक भी नहीं पहुंच सके हैं। इस खराब फॉर्म के कारण उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया था, लेकिन KKR के पिछले मैच में उनकी वापसी हुई और वह इस मैच में भी खेल सकते हैं। हालांकि उनकी फ़ॉर्म वापसी आसान नहीं होगी। अक्षर पटेल ने उन्हें दो बार आउट किया है। हालांकि लुंगी एनगिडी तीन पारियों में उन्हें एक भी बार आउट नहीं कर पाए हैं।
कुलदीप यादव को क्या हुआ है?
टी20 विश्व कप में कुलदीप यादव को सिर्फ एक ही मैच में खेलने का मौक़ा मिला था और वह लगातार बेंच पर रहे व उन्हें मैच प्रैक्टिस नहीं मिला। इसका असर उनकी आईपीएल फॉर्म पर देखने को मिला है और उन्होंने इस सीजन 10.40 की इकॉनमी से रन दिए हैं, जबकि पांच मैचों में उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला है। यह इकॉनमी कुलदीप का किसी भी IPL सीजन में सबसे खराब प्रदर्शन है।
दाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ उनकी इकॉनमी तो 11.1 तक पहुंच जाती है, जबकि पिछले IPL के दौरान उन्होंने दाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ 6.7 की इकॉनमी से रन देते हुए 9 विकेट लिए थे। हालांकि केकेआर के खिलाफ उनका प्रदर्शन बहुत बेहतरीन रहा है और उन्होंने अपनी पुरानी टीम के खिलाफ 5 पारियों में सिर्फ 7.4 की इकॉनमी से रन देते हुए 10 विकेट लिए हैं, जिसमें एक 4-विकेट हॉल शामिल है। ऐसे में उनकी फॉर्म वापसी की उम्मीद की जा सकती है।

