AUSW vs WIW: वेस्टइंडीज दौरे के लिए ऑस्ट्रेलिया टीम का ऐलान; स्टार ऑलराउंडर को आराम, 32 वर्षीय खिलाड़ी बाहर

punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 11:05 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज दौरे पर होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए अपनी महिला टीम का ऐलान कर दिया है। इस टीम में हाल ही में ऑल-फॉर्मेट कप्तान बनी सोफी मोलिन्यू की वापसी हुई है, जो भारत के खिलाफ घरेलू सीरीज के दौरान लगी पीठ की चोट के बाद टीम में लौटी हैं। हालांकि सीरीज के दौरान उनके वर्कलोड को ध्यान में रखते हुए उन्हें सीमित मैचों में खिलाया जा सकता है।

एनाबेल सदरलैंड को दिया गया आराम

ऑस्ट्रेलिया की इन-फॉर्म ऑलराउंडर एनाबेल सदरलैंड को इस सीरीज से आराम दिया गया है। वह हाल ही में भारत के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुनी गई थीं। सदरलैंड ने भारत के खिलाफ पिंक-बॉल टेस्ट में शानदार शतक लगाया था और छह विकेट भी अपने नाम किए थे। राष्ट्रीय चयनकर्ता शॉन फ्लेगलर ने बताया कि पिछले 12 महीनों में लगातार क्रिकेट खेलने के कारण उन्हें आराम दिया गया है ताकि वे वर्ल्ड कप से पहले पूरी तरह फिट रह सकें।

उन्होंने कहा, 'एनाबेल पिछले एक साल से लगातार खेल रही हैं। उनके वर्कलोड को ध्यान में रखते हुए उन्हें आराम दिया गया है, ताकि वह वर्ल्ड कप से पहले पूरी तरह तैयार रहें।'

सोफी मोलिन्यू की फिटनेस पर नजर

चयनकर्ता शॉन फ्लेगलर ने कहा कि सोफी मोलिन्यू के पूरी सीरीज में खेलने की उम्मीद है, क्योंकि टीम का फोकस आगामी ICC महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 पर है। हालांकि संभव है कि वह वनडे सीरीज के कुछ मुकाबले मिस कर सकती हैं, क्योंकि फिलहाल टीम का पूरा ध्यान टी20 मुकाबलों पर है। अगर सोफी कुछ मैच नहीं खेल पाती हैं तो एश्ले गार्डनर और टालिया मैक्ग्रा को संयुक्त उपकप्तान बनाया गया है।

ग्रेस हैरिस को टीम से बाहर किया गया

इस टीम से सिर्फ एक खिलाड़ी को बाहर किया गया है और वह हैं ग्रेस हैरिस। हालांकि चयनकर्ताओं ने कहा कि उनके लिए टीम के दरवाजे पूरी तरह बंद नहीं हुए हैं और वह टी20 वर्ल्ड कप की दौड़ में अभी भी शामिल हैं।

तालिया विल्सन को पहली बार मौका

चयनकर्ताओं ने विकेटकीपर बल्लेबाज टालिया विल्सन को भी टीम में शामिल किया है। उन्हें बेथ मूनी के बैकअप के रूप में टीम में जगह दी गई है। बेथ मूनी 21 मार्च को WNCL फाइनल खेलने के बाद टीम से जुड़ेंगी। वहीं टी20 सीरीज 19 मार्च से शुरू हो रही है। उम्मीद है कि मूनी तीसरे और अंतिम टी20 मैच में खेल सकती हैं।

लूसी हैमिल्टन को मिल सकता है टी20 डेब्यू

बाएं हाथ की तेज गेंदबाज लूसी हैमिल्टन, जिन्होंने हाल ही में भारत के खिलाफ वनडे और टेस्ट में डेब्यू किया था, इस सीरीज में अपना पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेल सकती हैं।

वेस्टइंडीज दौरे के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम

डार्सी ब्राउन, निकोला कैरी, एश्ले गार्डनर, किम गर्थ, लूसी हैमिल्टन, अलाना किंग, फोएबे लिचफील्ड, टालिया मैक्ग्रा, सोफी मोलिन्यू, बेथ मूनी, एलिस पेरी, मेगन शट, जॉर्जिया वोल, जॉर्जिया वेयरहैम, टालिया विल्सन.


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News