IND vs ENG: इतिहास रचने से सिर्फ एक विकेट दूर अक्षर पटेल, टी20I में हासिल करेंगे बड़ी उपलब्धि
punjabkesari.in Saturday, Jul 04, 2026 - 10:07 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला 4 जुलाई को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेला जाएगा। पहले टी20 मुकाबले के बारिश में धुल जाने के बाद दोनों टीमें जीत की तलाश में उतरेंगी। इस मैच में भारतीय ऑलराउंडर अक्षर पटेल के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका होगा।
100 टी20I विकेट पूरे करने से सिर्फ एक कदम दूर
अगर अक्षर पटेल दूसरे टी20 में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बनते हैं और एक विकेट हासिल कर लेते हैं, तो वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 विकेट लेने वाले भारत के पहले स्पिन गेंदबाज बन जाएंगे। बाएं हाथ के इस स्पिन ऑलराउंडर ने अब तक 97 टी20I मैचों में 99 विकेट अपने नाम किए हैं।
भारत के लिए अभी तक सिर्फ तीन गेंदबाज ही टी20I में 100 विकेट का आंकड़ा छू पाए हैं और तीनों तेज गेंदबाज हैं। ऐसे में अक्षर इस उपलब्धि तक पहुंचने वाले पहले भारतीय स्पिनर बन सकते हैं।
भारत के लिए सबसे ज्यादा टी20I विकेट
अर्शदीप सिंह – 87 मैच, 131 विकेट
जसप्रीत बुमराह – 95 मैच, 121 विकेट
हार्दिक पंड्या – 138 मैच, 114 विकेट
अक्षर पटेल – 97 मैच, 99 विकेट
युजवेंद्र चहल – 80 मैच, 96 विकेट
कुलदीप यादव – 54 मैच, 95 विकेट
स्पिनरों की सूची में अक्षर फिलहाल युजवेंद्र चहल (96) और कुलदीप यादव (95) से आगे हैं।
आईपीएल 2026 में नहीं रहा यादगार प्रदर्शन
आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी करते हुए अक्षर पटेल का व्यक्तिगत प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। उन्होंने 14 मैचों में 11 विकेट लिए। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2/18 रहा, जबकि गेंदबाजी औसत 32.73 और इकॉनमी 8.18 रही।
बल्लेबाजी में भी अक्षर ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ सके। उन्होंने 14 मैचों में 173 रन बनाए। उनका औसत 19.22, स्ट्राइक रेट 131.06 और सर्वोच्च स्कोर 56 रन रहा।

