IPL 2026: अंपायर से बहस करना पड़ा भारी, RCB कोच एंडी फ्लावर पर BCCI का बड़ा एक्शन
punjabkesari.in Monday, May 11, 2026 - 10:59 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : Royal Challengers Bengaluru के हेड कोच Andy Flower पर IPL 2026 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले के दौरान अंपायर से बहस करने के कारण BCCI ने कार्रवाई की है। BCCI ने एंडी फ्लावर पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। उन पर मैच के दौरान अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगा, जिसे उन्होंने स्वीकार भी कर लिया।
किस बात पर भड़के थे एंडी फ्लावर?
यह घटना RCB की रन चेज के 18वें ओवर के दौरान हुई। दरअसल, Naman Dhir ने बाउंड्री लाइन के पास Krunal Pandya का कैच पकड़ने की कोशिश की थी। कैच के दौरान नमन धीर का संतुलन बिगड़ा और ऐसा लगा कि गेंद बाउंड्री के पार जा सकती थी। हालांकि तीसरे अंपायर ने ज्यादा एंगल चेक किए बिना फैसला सुना दिया, जिससे एंडी फ्लावर नाराज हो गए। फ्लावर चौथे अंपायर से बहस करते हुए काफी गुस्से में दिखाई दिए और इसी दौरान उन्होंने आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया।
BCCI ने क्या कहा?
IPL की ओर से जारी बयान में कहा गया, 'एंडी फ्लावर IPL आचार संहिता के अनुच्छेद 2.3 के उल्लंघन के दोषी पाए गए, जो मैच के दौरान सार्वजनिक रूप से अभद्र भाषा के इस्तेमाल से संबंधित है। यह घटना 17.2 ओवर में हुई, जब उन्होंने चौथे अंपायर से आक्रामक तरीके से बात की।' मैच रेफरी अमित शर्मा द्वारा दी गई सजा को एंडी फ्लावर ने स्वीकार कर लिया।
रिप्ले में दिखा अलग नजारा
मैच के बाद टीवी रिप्ले में यह साफ नजर आया कि वह शॉट वास्तव में छक्का नहीं था। इसी वजह से RCB कैंप फैसले से नाराज दिखा। हालांकि विवाद के बावजूद RCB ने आखिरी ओवर में शानदार वापसी करते हुए रोमांचक जीत दर्ज की।
भुवनेश्वर और क्रुणाल बने जीत के हीरो
167 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए RCB ने शुरुआती विकेट जल्दी गंवा दिए थे। इसके बाद Krunal Pandya ने 46 गेंदों में 73 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को मैच में बनाए रखा। आखिरी ओवर में Bhuvneshwar Kumar ने पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर मैच का रुख बदल दिया। इसके बाद उन्होंने तेजी से रन दौड़कर टीम को दो विकेट से यादगार जीत दिलाई।
पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंची RCB
लगातार दो हार के बाद मिली इस जीत ने RCB को पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर पहुंचा दिया। टीम ने 11 मैचों में सातवीं जीत दर्ज की और प्लेऑफ की तरफ मजबूत कदम बढ़ाया। वहीं Mumbai Indians की यह सीजन की आठवीं हार रही। इसके साथ ही मुंबई इंडियंस प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने वाली दूसरी टीम बन गई। इससे पहले Lucknow Super Giants भी टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है।

