जैकब बेथेल को भारत के खिलाफ शतक लगाने का इनाम, इस फ्रेंचाइजी ने सौंपी कप्तानी

punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 12:07 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : इंग्लैंड के युवा ऑलराउंडर जैकब बेथेल को द हंड्रेड लीग की फ्रेंचाइजी बर्मिंघम फीनिक्स का नया कप्तान नियुक्त किया गया है। 22 वर्षीय बेथेल को आगामी सीजन के ऑक्शन से पहले टीम की कमान सौंपी गई है। बेथेल टीम के पहले से साइन किए गए खिलाड़ी थे और अब वह लियम लिविंगस्टोन की जगह कप्तानी संभालेंगे, जो इस बार लंदन स्पिरिट टीम में शामिल हो गए हैं।

कप्तान बनने पर बेथेल ने जताई खुशी

कप्तान बनने के बाद बेथेल ने कहा कि यह उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा, 'बर्मिंघम फीनिक्स का कप्तान बनना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है। पिछले साल इंग्लैंड की कप्तानी करने के अनुभव ने मुझे नेतृत्व के बारे में काफी कुछ सिखाया और टीम से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन निकालना भी।'

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार फॉर्म

हाल के समय में जैकब बेथेल का अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन शानदार रहा है। वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लिस्ट ए, फर्स्ट क्लास और टी20 तीनों फॉर्मेट में शतक लगाने वाले खिलाड़ियों में शामिल हो चुके हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ उन्होंने वानखेड़े स्टेडियम में शानदार शतक लगाकर टीम इंडिया को कड़ी चुनौती दी थी।

फीनिक्स के कोच शेन बॉन्ड ने की तारीफ

बर्मिंघम फीनिक्स के मुख्य कोच शेन बॉन्ड ने बेथेल की कप्तानी को लेकर उनकी तारीफ की। उन्होंने कहा कि बेथेल बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं और कम उम्र में ही शानदार नेतृत्व क्षमता दिखा चुके हैं। बॉन्ड के मुताबिक, पिछले साल इंग्लैंड की कप्तानी करते समय उन्होंने अपनी रणनीतिक समझ और संयम का बेहतरीन उदाहरण पेश किया था।

द हंड्रेड में बेथेल का प्रदर्शन

बारबाडोस में जन्मे बेथेल ने 2022 में वेल्श फायर के लिए द हंड्रेड में डेब्यू किया था। इसके बाद 2023 में उन्हें बर्मिंघम फीनिक्स ने टीम में शामिल किया, लेकिन उस सीजन में उन्हें सिर्फ एक मैच खेलने का मौका मिला। 2024 के सीजन में उन्होंने 9 मैचों में 166 रन बनाए, जहां उनका औसत 33.20 और स्ट्राइक रेट 132.80 रहा।

पिछले सीजन में उन्होंने 8 पारियों में 122 रन बनाए, हालांकि अभी तक वह इस टूर्नामेंट में अपना पहला अर्धशतक नहीं लगा पाए हैं। गेंदबाजी में भी उन्होंने 3 विकेट लिए, हालांकि उनका इकॉनमी रेट 10 से ज्यादा रहा।

महिला टीम की कप्तान बनी रहेंगी एलिस पेरी

11 मार्च को होने वाले ऑक्शन से पहले फीनिक्स ने यह भी पुष्टि की है कि ऑस्ट्रेलिया की स्टार ऑलराउंडर एलिस पेरी लगातार दूसरे सीजन के लिए बर्मिंघम फीनिक्स विमेंस टीम की कप्तान बनी रहेंगी। पेरी ने कहा कि एडजबेस्टन में खेलना हमेशा खास अनुभव होता है और वह एक युवा और रोमांचक टीम का नेतृत्व करने के लिए उत्साहित हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News