संजू सैमसन को बेंच पर बैठाने के फैसले पर कोच गंभीर ने तोड़ी चुप्पी, ''उन्हें सब कुछ बता दिया है''
punjabkesari.in Wednesday, Jul 08, 2026 - 10:57 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 में 125 रन की शर्मनाक हार के बाद भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने पर पहली बार खुलकर बात की। ट्रेंट ब्रिज में मिली भारत की टी20 अंतरराष्ट्रीय इतिहास की सबसे बड़ी हार के बाद गंभीर ने साफ किया कि उन्होंने संजू सैमसन को टीम से बाहर किए जाने की पूरी वजह बता दी है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि खिलाड़ी और कोच के बीच हुई बातचीत सार्वजनिक नहीं की जाएगी। पांच मैचों की सीरीज में भारत फिलहाल 2-0 से पीछे है।
'संजू से हुई बातचीत बाहर नहीं आएगी'
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में गौतम गंभीर ने कहा कि संजू सैमसन को पूरी स्पष्टता दे दी गई है कि उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर क्यों रखा गया। उन्होंने कहा, 'संजू सैमसन को जितनी स्पष्टता चाहिए थी, वह मेरी तरफ से दे दी गई है। यह खिलाड़ी और हेड कोच के बीच की बातचीत है और यह बातचीत बाहर नहीं आएगी।'
'फॉर्म के आधार पर चुनी जाती है टीम'
गंभीर ने संजू सैमसन के योगदान की तारीफ करते हुए कहा कि टी20 विश्व कप 2026 में उनका प्रदर्शन शानदार रहा था। लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मौजूदा फॉर्म भी उतना ही अहम होता है। 'संजू ने टी20 विश्व कप में भारत के लिए शानदार प्रदर्शन किया था। लेकिन कभी-कभी आपको खिलाड़ी की मौजूदा फॉर्म भी देखनी पड़ती है। ऐसा कोई नियम नहीं है कि वह इस सीरीज में वापसी नहीं कर सकते।' उन्होंने यह भी कहा कि टीम में जगह किसी को स्थायी तौर पर नहीं मिलती और हर खिलाड़ी को अपनी जगह लगातार प्रदर्शन से हासिल करनी होती है।
सैमसन की जगह मिले मौके का फायदा नहीं उठा पाए सूर्यवंशी
इंग्लैंड दौरे पर संजू सैमसन तीन टी20 मैचों में सिर्फ 6 रन ही बना सके, जिसके बाद उनकी जगह युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को मौका दिया गया। हालांकि सूर्यवंशी भी अब तक बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं। तीसरे टी20 में उन्होंने सिर्फ 5 गेंदों में 13 रन बनाए, जिसमें दो छक्के शामिल थे, लेकिन जोफ्रा आर्चर ने उन्हें जल्दी पवेलियन भेज दिया।
वहीं जिम्बाब्वे दौरे के लिए घोषित भारतीय टी20 टीम में भी संजू सैमसन को जगह नहीं मिली है। हालांकि बीसीसीआई ने अभी तक यह साफ नहीं किया है कि उन्हें आराम दिया गया है या टीम से बाहर किया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक युवा खिलाड़ियों को अधिक मौके देने के लिए सैमसन को रेस्ट दिया गया है।
76 रन पर ढेर हुई टीम इंडिया, अब सीरीज बचाने की चुनौती
तीसरे टी20 में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 201/7 का मजबूत स्कोर बनाया। जवाब में भारतीय टीम सिर्फ 76 रन पर सिमट गई। कोई भी बल्लेबाज 13 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सका। इंग्लैंड के लिए जोफ्रा आर्चर ने तीन और जोश टंग ने चार विकेट झटके।
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में यह भारत की चौथी हार रही। अब टीम इंडिया के सामने सीरीज में वापसी की आखिरी उम्मीद चौथे टी20 से जुड़ी है, जो 9 जुलाई को ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड में खेला जाएगा।

