DC vs MI : दिल्ली कैपिटल्स ने बनाया IPL इतिहास का अपना सर्वश्रेष्ठ स्कोर

punjabkesari.in Saturday, Apr 27, 2024 - 08:08 PM (IST)

खेल डैस्क : दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल इतिहास का अपना सबसे बड़ा स्कोर बना दिया है। शनिवार को अरुण जेटली स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलते हुए दिल्ली ने 4 विकेट खोकर 257 रन बना दिए। इससे पहले दिल्ली ने पंजाब के खिलाफ साल 2011 में 4 विकेट खोकर 231 रन बनाए थे। यही नहीं 2020 में कोलकाता के खिलाफ 228/4 और 2024 गुजरात के खिलाफ 224/4 स्कोर भी दिल्ली बना चुकी है।


दिल्ली 257 रन तक जेक फ़्रेजर-मैकगर्क की 27 गेंदों पर 84 रनों की बेहतरीन पारी के कारण पहुंची। जेक ने पारी में 6 छक्के और 11 चौके भी लगाए। मैकगर्क ने अब तक अपने करियर में सिर्फ 5 आईपीएल मैच ही खेले हैं। वह 49.40 की औसत से 247 रन बना चुके हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 22 चौके और 22 छक्के भी निकले हैं।

 

 

मैकगर्क ने अपनी पारी खेलने के बाद कहा- हम अब हर खेल को जीतने के नजरिए से देखते हैं। आप कभी भी किसी मैच को इस नजर से नहीं देखते कि आप हार सकते हैं। हम हर एक मैच जीतना चाहते हैं और हमें अब इस जीत की जरूरत है। विकेट थोड़ा बेहतर हो सकता है। जरूरत पड़ने पर अधिक बल्लेबाजों या गेंदबाजों का होना जरूरी है। यह एक बहुत अच्छा अनुभव रहा है। दिल्ली फ्रेंचाइजी ने मेरा खुले दिल से स्वागत किया है। 


मैकगर्क ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मुंबई के स्पिनर पीयूष चावला की गेंद पर शानदार छक्का लगाया। दरअसल, पीयूष ने मिडिल स्टंप पर गेंद फेंकी थी जिसे एक पांव लगाकर मैकगर्क ने ऑन साइड की ओर धकेल दिया। इसी के साथ उन्होंने अपना अर्धशतक भी पूरा कर लिया। शॉट की वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई। देखें-

 

 

एक आईपीएल पारी में बाउंड्री में रनों का उच्चतम प्रतिशत (50+ रन)
96.55 सुरेश रैना (84/87) चेन्नई बनाम पंजाब, वानखेड़े 2014
96.30 काइल मेयर्स (52/54) लखनऊ बनाम पंजाब, मोहाली 2023
95.38 आंद्रे रसेल (62/65) कोलकाता बनाम बेंगलुरु, कोलकाता 2019
95.38 जेक फ्रेजर मैकगर्क (62/65) बनाम हैदराबाद, दिल्ली 2024
95.23 जेक फ्रेजर मैकगर्क (80/84) बनाम मुंबई, दिल्ली 2024 *
जेक फ्रेजर की पारी के दौरान स्ट्राइक रेट (कम से कम 20 गेंदें खेलना) 311.11 रही। इस लिस्ट में सुरेश रैना 348.00 की स्ट्राइक रेट के साथ पहले नंबर पर हैं। दूसरे नंबर पर युसूफ पठान (327.27) बने हुए हैं।

 

दिल्ली और मुंबई के मैच की शुरुआत मैकगर्क ने 27 गेंदों पर 84 रन बनाकर की थी। उनके अलावा अभिषेक पोरेल ने 3 चौके और 1 छक्के के साथ 27 गेंदों पर 36 रन, शाइ होप ने 17 गेंदों पर 5 छक्कों के साथ 41, पंत ने 19 गेंदों में 2 छक्के और 2 चौके के साथ 29, ट्रिस्टन स्टब्स ने 25 गेंदों पर 2 छक्के और 6 चौकों के साथ 48 तो अक्षर ने 6 गेंदों पर 1 छक्के के साथ 11 रन बनाकर टीम को 257 तक पहुंचा दिया। जवाब में खेलने उतरी मुंबई ने तिलक वर्मा के 63, हार्दिक पांड्या के 46, टिम डेविड के 37 रनों की बदौलत 247 रन बनाए लेकिन वह टीम को 10 रन की हार से बचा नहीं पाए।

 

दोनों टीमों के प्लेइंग XI
दिल्ली कैपिटल्स :
जेक फ्रेजर-मैकगर्क, कुमार कुशाग्र, शाई होप, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, अभिषेक पोरेल, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, लिजाद विलियम्स, मुकेश कुमार, खलील अहमद।
मुंबई इंडियंस : रोहित शर्मा, इशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, नेहल वढेरा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), टिम डेविड, मोहम्मद नबी, पीयूष चावला, ल्यूक वुड, जसप्रीत बुमराह, नुवान तुषारा।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Jasmeet

Recommended News

Related News