इंग्लैंड का क्रिकेटर डोपिंग टेस्ट में फेल, ऑस्ट्रेलियाई लीग टीम ने तोड़ा करार

punjabkesari.in Tuesday, Nov 22, 2022 - 05:31 PM (IST)

लंदन : इंग्लैंड के क्रिकेटर लॉरी इवांस के नमूने की जांच में प्रतिबंधित पदार्थ की पुष्टि होने के बाद ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग टीम पर्थ स्कॉर्चर्स ने मंगलवार को उनके साथ करार तोड़ दिया। इवांस ने सोमवार को ‘प्रोफेशनल क्रिकेटर्स एसोसिएशन' के जरिए एक बयान में कहा कि वह अगस्त में हुई जांच के नतीजों से ‘हैरान' हैं। 

वह उस महीने इंग्लैंड में ‘द हंड्रेड' प्रतियोगिता में मैनचेस्टर ओरिजिनल्स के साथ खेल रहे थे। इवांस ने यह नहीं बताया कि उनके नमूने में किस पदार्थ के होने की पुष्टि हुई है। उन्होंने किसी भी प्रतिबंधित पदार्थ के सेवन से इनकार किया है। इवांस ने कहा, ‘मैं स्वच्छ खेल में विश्वास करता हूं और मैंने कभी भी प्रतिबंधित पदार्थ का सेवन नहीं किया है। मुझे नहीं पता कि जांच में प्रतिबंधित पदार्थ की पुष्टि कैसे हुई है। मैं और मेरी टीम इस बात की जांच कर रहे हैं कि यह कैसे हो सकता है और मैं इसका पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा हूं।' 

पर्थ स्कॉचर्स ने कहा कि वे इसके बारे में जानकर ‘निराश' है। इन परिस्थितियों में  फ्रेंचाइजी तथा इवांस और उनके प्रबंधन ने आगामी ऑस्ट्रेलियाई सत्र के लिए अनुबंध को समाप्त करने का फैसला किया है। इंग्लिश काउंटी क्रिकेट में सर्रे के लिए खेलने वाले इवांस ने कभी राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व नहीं किया है। इवांस ने पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश और वेस्टइंडीज में फ्रेंचाइजी क्रिकेट खेला है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Recommended News

Related News